विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत धारवाड़ में जागरूकता रैली
पात्र नागरिकों से फॉर्म भरने का आग्रह
धारवाड़. भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत सोमवार को धारवाड़ में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्नेहल आर. और जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश्वर पाटिल ने गुब्बारे उड़ाकर रैली को रवाना किया।
इस अवसर पर स्नेहल आर. ने कहा कि त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर समय पर जमा कराने तथा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की।
भुवनेश्वर पाटिल ने कहा कि विशेष पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में राजनीतिक दलों, बूथ स्तरीय अधिकारियों, युवा मतदाताओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
रैली महानगर निगम परिसर से शुरू होकर महाराणा प्रताप सर्किल, स्वामी विवेकानंद सर्किल और केसीसी बैंक मार्ग होते हुए कला भवन परिसर में समाप्त हुई। अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, चुनाव कर्मी, युवा मतदाता और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। सभी ने “दोषमुक्त मतदाता सूची, सशक्त लोकतंत्र” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

