जिला प्रभारी मंत्री बनने के साथ बढ़ीं उम्मीदें
सूखा प्रबंधन, एयरपोर्ट, अपैरल पार्क और अधूरी परियोजनाएं होंगी पहली चुनौती
बल्लारी। कर्नाटक सरकार के मंत्रिमंडल में दूसरी बार मंत्री बने बल्लारी ग्रामीण क्षेत्र के विधायक बी. नागेंद्र को एक बार फिर बल्लारी जिले का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से वर्षों से लंबित विकास परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद जगी है। लंबे समय तक स्थायी प्रभारी मंत्री नहीं होने के कारण जिले की कई महत्वपूर्ण योजनाएं ठप पड़ी थीं।
वर्ष 2023 में प्रभारी मंत्री बनने के बाद बी. नागेंद्र का कार्यकाल विभिन्न कारणों से केवल एक वर्ष तक सीमित रहा। इसके बाद जून 2024 से प्रभारी की जिम्मेदारी दूसरे मंत्री के पास रहने से जिले के विकास कार्य अपेक्षित गति नहीं पकड़ सके। अब दोबारा जिम्मेदारी मिलने के बाद लोगों को शेष कार्यकाल में ठोस परिणामों की उम्मीद है।
जिले में एयरपोर्ट निर्माण, लिफ्ट सिंचाई परियोजना, शहरी एवं ग्रामीण सडक़ों का विकास, सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज, बल्लारी में फ्लाईओवर, विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की भर्ती, पर्यटन विकास, परिवहन सुविधाओं का विस्तार, कंप्ली-गंगावती के बीच तुंगभद्रा पुल तथा औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश जैसी अनेक परियोजनाएं वर्षों से लंबित हैं।
इसके अलावा कांग्रेस के पूर्व वादे के तहत प्रस्तावित जींस अपैरल पार्क भी अब तक धरातल पर नहीं उतर सका है। उद्योग जगत को उम्मीद है कि नए प्रभारी मंत्री इस परियोजना को आगे बढ़ाएंगे।
हालांकि, बी. नागेंद्र के सामने सबसे बड़ी तत्काल चुनौती जिले में सूखा प्रबंधन होगी। कम वर्षा के कारण खेती प्रभावित हुई है, पेयजल संकट गहराने लगा है और किसान आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस में गुटबाजी की चर्चाओं के बीच संगठन को मजबूत बनाए रखना और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी करना भी उनके लिए बड़ी राजनीतिक चुनौती होगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

