सूखा प्रभावित जिला घोषित करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर संगठनों का प्रदर्शन
बस अड्डे पर कड़ा पुलिस बंदोबस्त
कलबुर्गी। कलबुर्गी को सूखा प्रभावित जिला घोषित करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर संयुक्त-होराटा (संघर्ष) कर्नाटक संगठन के नेतृत्व में गुरुवार को कलबुर्गी बंद का आह्वान किया था। बंद के कारण शहर में बस सेवा प्रभावित रही और केंद्रीय बस अड्डे पर यातायात पूरी तरह ठप रहा।
बसों के पहिए थमे, यात्री परेशान
विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता केंद्रीय बस अड्डे के सामने एकत्र होकर बसों का संचालन रोकते हुए प्रदर्शन किया। सुबह-सुबह यात्रियों से खचाखच भरा रहने वाला केंद्रीय बस अड्डा बसों और यात्रियों की अनुपस्थिति में सूना नजर आया।
बंद की जानकारी नहीं होने के कारण सामान लेकर बस अड्डे पहुंचे कई यात्रियों को बसें नहीं मिलने से परेशानी उठानी पड़ी।

किसान संगठनों समेत कई संगठनों का समर्थन
बंद को कर्नाटक प्रांत किसान संघ, अखिल भारतीय किसान सभा, कर्नाटक राज्य किसान संघ, जय कन्नडिग़र रक्षणा वेदिके, कर्नाटक रक्षणा वेदिके, दलित संघर्ष समिति (डीएसएस), कर्नाटक नवनिर्माण सेना और कल्याण कर्नाटक रक्षणा वेदिके समेत विभिन्न संगठनों ने समर्थन दिया था।
बंद के चलते केंद्रीय बस अड्डे सहित शहर के कई प्रमुख स्थानों पर कड़ा पुलिस बंदोबस्त किया गया है।
प्रति एकड़ 50 हजार रुपए मुआवजे की मांग
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ‘सुपर एल नीनो’ के प्रभाव से जिले में भीषण सूखे की स्थिति बनी हुई है। खरीफ फसलें पूरी तरह प्रभावित हुई हैं और पिछले वर्ष फसल बीमा मुआवजा वितरण में भी किसानों के साथ अन्याय हुआ है।
उन्होंने सरकार से कलबुर्गी को तत्काल सूखा प्रभावित जिला घोषित कर प्रति एकड़ 50 हजार रुपए मुआवजा देने की मांग की।
किसानों की कर्जमाफी और 15 टीएमसी पानी की मांग
प्रदर्शनकारियों ने किसानों का कर्ज माफ करने तथा महाराष्ट्र स्थित उजनी बांध से कर्नाटक के हिस्से का 15 टीएमसी पानी छोड़े जाने के लिए तत्काल कदम उठाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को सूखे की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल राहत एवं आवश्यक उपाय करने चाहिए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

