धारवाड़-सवदत्ती मार्ग पर हादसा; दो गंभीर, 10 घायल
समय पर राहत कार्य से कई यात्रियों की बची जान
हुब्बल्ली. धारवाड़ जिले में सवदत्ती मार्ग पर बुधवार को कर्नाटक राज्य सडक़ परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की एक बस का एक्सल टूट जाने से वह अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खाई में पलट गई। हादसे में मुन्नवल्ली निवासी हुसेनबी केंगानूर (60) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य 10 घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, बस दावणगेरे से धारवाड़ और सवदत्ती होते हुए मिरज जा रही थी। काशीनगर के समीप अचानक बस का एक्सल टूट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सडक़ किनारे खाई में पलट गई।
हादसे में चुलकी निवासी नीलकंठय्या (80) और मदारसाब नदाफ (55) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके अलावा कई यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
बस पलटते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल 112 आपातकालीन सेवा को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव दल ने राहत अभियान चलाकर यात्रियों को बाहर निकाला। चार से पांच एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

