दिल्ली की राजनीतिक व्यस्तताओं के कारण टला विस्तार
युवाओं और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन की बात कही
कलबुर्गी। कर्नाटक के वृहद एवं मध्यम उद्योग मंत्री एम.बी. पाटिल ने संकेत दिया है कि राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार अगले तीन-चार दिनों में हो सकता है। उन्होंने कहा कि संसद सत्र और दिल्ली में चल रहे राजनीतिक कार्यक्रमों के कारण मंत्रिमंडल विस्तार कुछ दिनों के लिए टाल दिया गया है।
पत्रकारों से बातचीत में पाटिल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के वरिष्ठ नेता के.सी. वेणुगोपाल फिलहाल संसद सत्र और दिल्ली की राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए संभावना है कि मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह सप्ताहांत या किसी अवकाश वाले दिन आयोजित किया जाए।
उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल गठन और विस्तार का अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। साथ ही संकेत दिया कि इस बार नए और युवा चेहरों को प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है।
एम.बी. पाटिल ने कहा कि सरकार में युवाओं के साथ-साथ अनुभवी नेताओं की भी आवश्यकता है। वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन सरकार के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नए उपमुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) पदों के सृजन संबंधी किसी भी प्रस्ताव की उन्हें जानकारी नहीं है।
नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में नई दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन के संबंध में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इस आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

