गन्ना किसानों के आंदोलन के बीच केंद्रीय मंत्री जोशी का खुला न्योता
हुब्बल्ली। गन्ने का उचित मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर हुब्बल्ली में किसानों के प्रस्तावित आंदोलन के बीच केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी ने किसान नेताओं को दिल्ली आकर सीधे चर्चा करने का खुला न्योता दिया है।
जोशी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर वीडियो संदेश जारी कर कहा कि किसानों को सडक़ पर उतरकर आंदोलन करने की जरूरत नहीं है। वे दिल्ली आएं, अधिकारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं पर चर्चा की जाएगी और समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
फरवरी में मांग, मई में बढ़ाया भाव
जोशी ने कहा कि फरवरी 2026 में किसान नेताओं ने उनसे मुलाकात कर गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग की थी। इसके बाद केंद्र सरकार ने मई में गन्ने का मूल्य 365 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ाया था। इसके बाद किसान नेताओं की ओर से उनसे दोबारा मुलाकात का अनुरोध नहीं आया।
मंत्री के अनुसार, गन्ने का मूल्य तय करने का निर्णय संबंधित मूल्य निर्धारण समिति तथा राज्य के गन्ना आयुक्त की रिपोर्ट और सिफारिशों के आधार पर लिया जाता है।
इस बार भी उचित मूल्य का भरोसा
जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार हर वर्ष गन्ने का मूल्य बढ़ाती रही है और इस बार भी किसानों को उचित मूल्य दिया जाएगा। किसानों का हित सरकार की प्राथमिकता है और गन्ना उत्पादकों के हित में कई बदलाव किए गए हैं।
उन्होंने किसान नेताओं और आंदोलनकारियों से दिल्ली आकर बातचीत में शामिल होने का आग्रह करते हुए कहा कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उचित समाधान निकालने का ईमानदार प्रयास किया जाएगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

