निष्पक्ष मतदाता सूची के लिए राजनीतिक दलों और मतदाताओं से अपील
29 जुलाई तक घर-घर चल रहा विशेष सर्वेक्षण
विजयपुर. विजयपुर नगर निगम आयुक्त एवं निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी विजय मेक्कलकी ने सभी राजनीतिक दलों और मतदाताओं से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो, यह सभी की साझा जिम्मेदारी है।
नगर निगम सभागार में आयोजित सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए मेक्कलकी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाता गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। इस अभियान में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और उनके द्वारा नियुक्त बीएलए भी भाग ले सकते हैं।
1.84 लाख से अधिक प्रपत्र वितरित
बैठक में बताया गया कि अब तक 1,84,034 मतदाता गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इनमें से 21,812 प्रपत्रों का डिजिटलीकरण किया गया है, जबकि 740 प्रपत्र ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा 88 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 216 मृत तथा 3 अनुपलब्ध मतदाताओं की पहचान की गई है।
हर वार्ड में सहायता केंद्र
निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी ने कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक वार्ड में मतदाता सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां प्रपत्र भरने में सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही नगर निगम के ठोस अपशिष्ट संग्रहण वाहनों के माध्यम से ध्वनि विस्तारक यंत्रों से अभियान का प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन 08352-200225 भी शुरू की गई है।
विजय मक्कलकी ने कहा कि विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है। इसमें निर्वाचन आयोग के विभिन्न स्तरों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों और मतदाताओं से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय सहयोग दें, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और अपात्र व्यक्तियों का पंजीकरण रोका जा सके।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

