बेंगलूरु जाने की बात कहकर निकले थे चारों
घर में खड़ी मिली कार और दोपहिया, सीसीटीवी में कैद हुआ आखिरी दृश्य
दावणगेरे। बेंगलूरु जाने की बात कहकर घर से निकले एक ही परिवार के चार सदस्यों के पांच दिन से लापता होने से दावणगेरे में चिंता बढ़ गई है।
दावणगेरे के बाहरी इलाके स्थित बनशंकरी बस्ती निवासी रमेशकुमार (38), उनकी पत्नी जयशीला (36), पुत्र हितेश (9) और पुत्री प्रेरणा (3) का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
14 अगस्त को घर से निकले थे
परिवार के अनुसार, रमेशकुमार ने 14 अगस्त को अपने माता-पिता को बेंगलूरु जाने की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि व्यावसायिक काम से बेंगलूरु जा रहे हैं और छुट्टियां होने के कारण पत्नी व बच्चों को भी साथ ले जा रहे हैं। हालांकि, चारों बेंगलूरु पहुंचे या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
घर से निकलने के पांच दिन बाद भी कोई संपर्क नहीं होने पर परिजनों और रिश्तेदारों की चिंता बढ़ गई। परिचितों और रिश्तेदारों के यहां भी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
सीसीटीवी में कैद हुआ आखिरी दृश्य
रमेशकुमार, जयशीला और दोनों बच्चों के घर से बाहर निकलने का दृश्य सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। खास बात यह है कि परिवार की कार और दोपहिया वाहन घर पर ही खड़े मिले, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि चारों किस साधन से गए और इसके बाद कहां पहुंचे।
शेयर निवेश में नुकसान की भी जांच
मूल रूप से दावणगेरे तालुक के श्यागले गांव के रहने वाले रमेशकुमार शेयर निवेश का कारोबार करते थे। बताया गया है कि वे लोगों से धन लेकर शेयर बाजार में निवेश करते थे। हाल के दिनों में उन्हें शेयर निवेश में काफी नुकसान हुआ था। उनके लापता होने का इस आर्थिक स्थिति से कोई संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
परिजनों ने पुलिस से चारों को जल्द खोजने की अपील की है। पुलिस ने गुमशुदगी की जांच शुरू कर सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन की जानकारी और अन्य संभावित पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

