राष्ट्रीय खेल दिवस पर विधायक अरविंद बेल्लद ने खिलाडिय़ों का किया सम्मान
धारवाड़। हुब्बल्ली-धारवाड़ (पश्चिम) के विधायक अरविंद चंद्रकांत बेल्लद ने कहा कि हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद ने अपनी अद्भुत प्रतिभा और खेल कौशल से पूरी दुनिया का ध्यान भारत की ओर आकर्षित किया। बर्लिन ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के लिए उनके शानदार प्रदर्शन ने देश का गौरव बढ़ाया। उनकी उपलब्धियां आज भी युवा खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
वे आर.एन. शेट्टी जिला खेल मैदान में जिला प्रशासन, जिला पंचायत, युवा सशक्तीकरण एवं खेल विभाग तथा भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह और नवनिर्मित कृत्रिम बास्केटबॉल मैदान के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे।
देश के प्रति समर्पण की मिसाल
विधायक ने कहा कि ध्यानचंद के खेल कौशल से प्रभावित होकर जर्मनी के तत्कालीन तानाशाह एडॉल्फ हिटलर ने उन्हें जर्मन नागरिकता देने की पेशकश की थी, लेकिन ध्यानचंद ने इसे ठुकराकर भारत लौटना स्वीकार किया। हॉकी में उनके अमूल्य योगदान और उपलब्धियों की स्मृति में हर वर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है।
खिलाडिय़ों और प्रशिक्षकों का सम्मान
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले 10 खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया। 31 ‘खेलो इंडिया’ एथलेटिक्स खिलाडिय़ों को खेल पोशाक वितरित की गई। हाल ही में सेवानिवृत्त हुए वरिष्ठ बास्केटबॉल प्रशिक्षक पी.के. हासन को भी सम्मानित किया गया।
बास्केटबॉल प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग की 10 टीमों ने भाग लिया। विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ साईं बास्केटबॉल प्रशिक्षक आर.के. मोकाशी, वरिष्ठ जिम्नास्टिक प्रशिक्षक वसंत मूर्तगुड्डे, वरिष्ठ एथलेटिक्स प्रशिक्षक रामचंद्र पडतारे, भारतीय खेल प्राधिकरण के कुश्ती प्रशिक्षक शंकर पुजारी सहित अन्य उपस्थित थे। युवा सशक्तीकरण एवं खेल विभाग के सहायक निदेशक सदानंद एच. अमरापुर ने स्वागत किया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

