हवाई हमलों के बीच उड़ान सेवाएं बाधित
दवाइयों और ठहरने का खर्च बढ़ा, महंगे टिकटों से बढ़ी परेशानी
मेंगलूरु। सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर हूती विद्रोहियों के हमले के बीच उड़ान सेवाएं बाधित होने से कर्नाटक के करीब 600 उमरा यात्री सऊदी में फंस गए हैं। इनमें दक्षिण कन्नड़ और आसपास के जिलों के यात्री भी शामिल हैं। उड़ानें रद्द होने से बुजुर्गों और बीमार यात्रियों को दवाइयों की दिक्कत के साथ ठहरने और भोजन का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।
मेंगलूरु-बजपे निवासी मोहम्मद कलवारु ने बताया कि उमरा के लिए आए कई यात्रियों के पास 10-20 हजार रुपए तक ही अतिरिक्त रकम थी। खरीदारी के बाद उनके पास पैसे नहीं बचे और उड़ानें रद्द हो गईं। मदीना में ठहरने पर भोजन और आवास का खर्च करीब 3,000 रुपए प्रतिदिन तक पहुंच रहा है। कुछ यात्री बुखार और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से भी परेशान हैं।
500 से अधिक लौटे, 160 अब भी सऊदी में
दक्षिण कन्नड़ हज एवं उमरा टूर आयोजक संघ के महासचिव जाकिर इक्लास के अनुसार, पंजीकृत यात्रा एजेंसियों के जरिए उमरा पर गए 500 से अधिक यात्री मेंगलूरु लौट चुके हैं। वहीं, पुत्तूर के एक दल समेत चार दलों के करीब 160 यात्री अभी सऊदी में हैं। उनके भोजन और आवास की व्यवस्था की गई है।
कुछ यात्री सडक़ मार्ग से कतर पहुंचकर वहां से उड़ान लेकर कोच्चि या बेंगलूरु लौट रहे हैं, जबकि कुछ बहरीन होते हुए दुबई और फिर बेंगलूरु पहुंचे हैं।
20 हजार का टिकट 50 हजार में
जेद्दा निवासी महर ने बताया कि सामान्य दिनों में सऊदी से मेंगलूरु का किराया 15-20 हजार रुपए रहता है, लेकिन सीधी उड़ान रद्द होने के बाद उन्हें सऊदी एयरलाइंस से कोच्चि तक पहुंचने और फिर मेंगलूरु आने के लिए करीब 50 हजार रुपए खर्च करने पड़े।
उडुपी के के.एम. इकबाल ने बताया कि नवंबर के पहले सप्ताह में उनके दो बच्चों की शादी है। परिवार के सदस्य सऊदी में हैं और सीधी उड़ानें रद्द होने से उनकी वापसी को लेकर चिंता बनी हुई है।
सरकार ने शुरू की सहायता व्यवस्था
उड़ान सेवाओं में व्यवधान के कारण राज्य के करीब 600 उमरा यात्री सऊदी में फंसे हैं। उनकी सहायता के लिए राज्य सरकार ने हेल्पलाइन शुरू कर दी है। यात्रियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठा रही है।
–यू.टी. खादर, स्वास्थ्य, अल्पसंख्यक कल्याण, हज एवं वक्फ मंत्री
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

