सडक़ों की बदहाली पर फूटा गुस्सा
“जनप्रतिनिधि एक बार स्कूटर चलाकर देखें”, गड्ढों और जर्जर मार्गों से त्रस्त नागरिकों ने उठाई आवाज
हुब्बल्ली. शहर में चल रहे फ्लाईओवर निर्माण कार्य से उत्पन्न यातायात अव्यवस्था और सडक़ों की बदहाल स्थिति को लेकर नागरिकों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर का निर्माण कार्य कब पूरा होगा, इस बारे में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा बार-बार दी जा रही समय-सीमाओं पर अब उनका भरोसा नहीं रहा। नागरिकों ने मांग की है कि कम से कम निर्माण क्षेत्र की सडक़ों को आवागमन योग्य बनाया जाए।
शहरवासियों का कहना है कि यदि विधायक, मंत्री और पार्षद स्वयं दोपहिया वाहन चलाकर निर्माण क्षेत्र से गुजरें तो उन्हें आम जनता की पीड़ा का वास्तविक अहसास होगा। विशेष रूप से होसूर सर्कल से लेकर लैमिंगटन रोड और महानगर निगम क्षेत्र तक की सडक़ें गड्ढों से भर चुकी हैं, जिससे वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है।
हाल की बारिश के बाद कित्तूर रानी चेन्नम्मा सर्कल, पुराना न्यायालय सर्कल, संगोली रायन्ना सर्कल, ग्लास हाउस सर्कल और बसववन सर्कल को जोडऩे वाले मार्गों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है, जबकि भारी वाहनों की आवाजाही से स्थिति और गंभीर हो गई है।
व्यापारिक संगठन के सदस्य जगदीश एस. ने कहा कि जनता पिछले तीन वर्षों से निर्माण कार्य की असुविधा सह रही है, लेकिन अब प्रशासन को बहाने छोडक़र तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि स्थायी सडक़ निर्माण संभव न होने की स्थिति में कम से कम सडक़ों को अस्थायी रूप से मोटरेबल बनाया जाए।
शहर के वरिष्ठ नागरिक राजशेखर टोंगली ने कहा कि फ्लाईओवर क्षेत्र की सडक़ों पर यात्रा करना किसी सजा से कम नहीं रह गया है। वहीं कॉर्पोरेट क्षेत्र की कर्मचारी अश्विनी अण्वेकर ने प्रशासन से अपील की कि गड्ढों को केवल औपचारिकता के तौर पर गिट्टी डालकर न भरा जाए, बल्कि उन्हें समतल और सुरक्षित बनाया जाए।
नागरिकों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल हस्तक्षेप कर राहत उपाय लागू करने की मांग की है, ताकि फ्लाईओवर निर्माण पूरा होने तक लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

