सडक़ मरम्मत कार्य के बाद उडुपी जिला प्रशासन ने हटाया यातायात प्रतिबंध
मणिपाल (उडुपी). कुंदापुर-तीर्थहल्ली राज्य राजमार्ग-52 के बालेबरे घाटी (हुलिकल घाटी) मार्ग पर बसों सहित यात्री वाहनों और हल्के मालवाहक वाहनों के आवागमन की अनुमति दे दी गई है। इस संबंध में उडुपी की जिलाधिकारी स्वरूपा टी.के. ने आदेश जारी किया।
इस मार्ग पर कंक्रीट सडक़ के नीचे की मिट्टी धंस जाने के कारण प्रशासन ने पहले सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी थी। इससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद राहत
प्रशासन की ओर से सडक़ के स्तर तक सुरक्षा दीवार का निर्माण कर मार्ग को मजबूत किया गया है तथा सडक़ पर दोबारा कंक्रीट बिछाया गया है। इसके बाद यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों, अन्य यात्री वाहनों तथा हल्के मालवाहक वाहनों के संचालन की अनुमति प्रदान की गई है।
पुराना आदेश निरस्त
शिवमोग्गा जिला प्रशासन पहले ही इस संबंध में आदेश जारी कर चुका था। इसके बाद उडुपी जिला प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने वाले अपने पुराने आदेश को निरस्त करते हुए नया आधिकारिक आदेश जारी किया है।
इस निर्णय से कुंदापुर और तीर्थहल्ली के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
