गणेश विसर्जन में फ्लाईओवर नहीं बनेगा बाधागणेश विसर्जन मार्ग का निरीक्षण करते हुए विधायक महेश टेंगिनकाई।

18 फीट तक की प्रतिमाएं पुराने मार्ग से जाएंगी

चार विशाल गणपतियों के लिए बदला रूट

हुब्बल्ली। सार्वजनिक गणेश विसर्जन जुलूस को लेकर शहरवासियों को इस बार राहत मिली है। कित्तूर रानी चन्नम्मा और संगोली रायण्णा सर्कल के सामने चल रहे फ्लाईओवर निर्माण के बावजूद 16 से 18 फीट ऊंची गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन जुलूस के लिए रास्ता साफ रहेगा। 18 फीट से अधिक ऊंचाई वाली चार विशाल प्रतिमाओं के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किया गया है।

विधायक महेश टेंगिनकाई ने महानगर निगम, पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग, वन विभाग और हेस्कॉम अधिकारियों के साथ विसर्जन मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर के गार्डर और पिलर करीब 23 फीट ऊंचे हैं, इसलिए 16 से 18 फीट तक की प्रतिमाओं के आवागमन में कोई परेशानी नहीं होगी।

विशाल गणपतियों के लिए वैकल्पिक मार्ग

मराठा गली, मेदार ओणी और दाजीबानपेट में इस वर्ष भी 25 फीट से अधिक ऊंची प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। 18 फीट से अधिक ऊंचाई वाली प्रतिमाएं कित्तूर रानी चेन्नम्मा सर्कल में प्रवेश नहीं करेंगी। ये संगोली रायण्णा सर्कल, साईबाबा मंदिर के सामने की सडक़, सर्किट हाउस मार्ग, देशपांडे नगर मुख्य मार्ग, कॉटन मार्केट, गाली दुर्गम्मा मंदिर मार्ग, होसूर और केनरा होटल के सामने से होते हुए होसूर बावड़ी पहुंचेंगी।

वहीं 16 से 18 फीट तक की प्रतिमाएं चन्नम्मा सर्कल, पुराने बस स्टैंड के सामने से सुजाता-संजोता थिएटर मार्ग होते हुए ग्लास हाउस के पास स्थित बावड़ी में विसर्जित की जाएंगी।

पेड़ों की छंटाई, बिजली लाइनें होंगी शिफ्ट

महेश टेंगिनकाई ने कहा कि विशाल प्रतिमाओं के मार्ग में जहां जरूरत होगी, वहां पेड़ों की शाखाओं की छंटाई की जाएगी। हेस्कॉम को बिजली लाइनों को अस्थायी रूप से स्थानांतरित करने तथा महानगर निगम आयुक्त को सडक़ के गड्ढे भरने के निर्देश दिए गए हैं।

18 फीट से अधिक ऊंची तीन विशाल प्रतिमाओं को सभी छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद सबसे अंत में भेजने पर गणेश महामंडल के पदाधिकारियों से चर्चा की गई है, जिस पर उन्होंने सहमति जताई है। विसर्जन के दौरान मार्ग में लगे अस्थायी डिवाइडर हटाए जाएंगे और बाद में उन्हें फिर से लगाया जाएगा।

इन तारीखों को होगा विसर्जन

14 सितंबर को स्थापित होने वाली प्रतिमाओं का पांचवें दिन 18 सितंबर, सातवें दिन 20 सितंबर, नौवें दिन 22 सितंबर तथा 11वें दिन 25 सितंबर को विसर्जन होगा।

महानगर निगम आयुक्त रुद्रेश घाली, डीसीपी रविश सी.आर., डीसीपी श्रुति एन.एस., आरएफओ आर.एस. उप्पार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणेश महामंडल के पदाधिकारी मौजूद थे।

गणेशोत्सव को लेकर 7-8 सितंबर को शांति बैठक

14 से 25 सितंबर तक होने वाले गणेशोत्सव के चलते हुब्बल्ली-धारवाड़ पुलिस आयुक्तालय की ओर से शांति एवं सौहार्द बैठक आयोजित की जाएगी।

7 सितंबर को सुबह 11 बजे हुब्बल्ली के इंदिरा ग्लास हाउस के सामने स्थित आर.एन. शेट्टी कल्याण मंडप में तथा 8 सितंबर को सुबह 11 बजे धारवाड़ के कर्नाटक विद्यावर्धक संघ के नाडोज डॉ. पाटील पुट्टप्पा सभागार में बैठक होगी।

पुलिस आयुक्त भूषण जी. बोरसे ने सभी धर्मों के धर्मगुरुओं, धार्मिक नेताओं, मीडिया प्रतिनिधियों और आम नागरिकों से बैठक में उपस्थित होकर आवश्यक सुझाव देने की अपील की है।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *