होटल का भोजन महंगा होने से मजदूरों पर पड़ेगा सीधा असर
बस किराया वृद्धि का फैसला वापस लेने की मांग
हुब्बल्ली। राज्य में बारिश की कमी और सूखे जैसे हालात के बीच नंदिनी दूध की कीमत तथा बस किराया बढ़ाने के सरकार के फैसले पर विधान परिषद सदस्य बसवराज होरट्टी ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि संकट के दौर में आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ डालना उचित नहीं है।
होरट्टी ने कहा कि सरकार ने नंदिनी दूध की कीमत में प्रति लीटर 8 रुपए की बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। दूध महंगा होने का असर होटल और खान-पान की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ेगा। इससे रोजाना मजदूरी कर परिवार चलाने वाले लोगों की मुश्किलें और बढ़ेंगी।
उन्होंने कहा कि परिवहन संस्थानों के घाटे की भरपाई के नाम पर बस किराए में 10 से 13 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। पहले से आर्थिक दबाव झेल रही जनता पर यह अतिरिक्त भार डालना घाव पर नमक छिडक़ने जैसा है। सरकार को बस किराया बढ़ाने का फैसला तत्काल वापस लेना चाहिए।
पात्र लोगों तक पहुंचे गारंटी योजनाओं का लाभ
होरट्टी ने सरकार से गारंटी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक सुनिश्चित करने तथा बंद पड़ी इंदिरा कैंटीनों को फिर से सक्रिय करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए जनहित को प्राथमिकता देते हुए महंगाई बढ़ाने वाले फैसलों पर पुनर्विचार करना चाहिए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

