चावल, गैस और सब्जियों की बढ़ती कीमतों से बढ़ा संचालन खर्च
कहीं लकड़ी के चूल्हे पर बन रहा भोजन तो कहीं रात का खाना बंद
दावणगेरे। गरीबों और श्रमिकों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने वाली इंदिरा कैंटीन अब बढ़ती महंगाई की मार झेल रही हैं। चावल, खाद्य तेल, सब्जियों और वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि से भोजन उपलब्ध कराने वाली एजेंसियों के लिए गुणवत्ता बनाए रखना चुनौती बन गया है। इसके बावजूद प्रशासन का दावा है कि निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन परोसा जा रहा है।
बढ़ी लागत, लेकिन भोजन की कीमत वही
दावणगेरे शहर में 10 तथा हरिहर, होन्नाली, चन्नगिरि और जगलूर में एक-एक इंदिरा कैंटीन संचालित हैं। शहर की सभी कैंटीनों को केएसआरटीसी बस स्टैंड के पीछे स्थित मास्टर किचन से भोजन उपलब्ध कराया जाता है। संचालन एजेंसी के अनुसार, सोनामसूरी चावल का दाम 42 रुपए से बढक़र 48-50 रुपए प्रति किलो हो गया है, जबकि वाणिज्यिक गैस सिलेंडर का मूल्य कुछ समय पहले 3,200 रुपए तक पहुंच गया था और वर्तमान में भी करीब 2,820 रुपए है। इसके बावजूद नाश्ता 5 रुपए और भोजन 10 रुपए में ही उपलब्ध कराया जा रहा है।
रोजाना हजारों लोग उठा रहे लाभ
दावणगेरे की 10 कैंटीनों में प्रतिदिन करीब 3,500 प्लेट नाश्ता, 2,700 प्लेट दोपहर का भोजन और 500 प्लेट रात्रि भोजन परोसा जाता है। सबसे अधिक भीड़ चिगटेरी जिला अस्पताल स्थित कैंटीन में रहती है, जहां मरीजों के परिजन, श्रमिक और छात्र बड़ी संख्या में भोजन करते हैं। विद्यार्थियों ने डिजिटल भुगतान की सुविधा शुरू करने की भी मांग की है।
हरिहर में लकड़ी के चूल्हे पर खाना
हरिहर की इंदिरा कैंटीन में गैस सिलेंडर की कमी के कारण भोजन लकड़ी के चूल्हे पर तैयार किया जा रहा है। मेन्यू के अनुसार नाश्ता नहीं मिलने और सीमित व्यंजन परोसे जाने से यहां आने वाले ग्राहकों की संख्या 500 से घटकर करीब 100 रह गई है।
कहीं मेन्यू बदला, कहीं रात का भोजन बंद
होन्नाली में नाश्ता और दोपहर का भोजन नियमित मिल रहा है, लेकिन रात का भोजन बंद है। वहीं चन्नगिरि में गैस संकट के बाद मेन्यू में बदलाव कर सप्ताह में पांच दिन रागी मुद्दे परोसे जा रहे हैं। दूसरी ओर न्यामति तालुक अब भी इंदिरा कैंटीन से वंचित है। स्थानीय निकाय ने इसके लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा है और भूमि भी चिन्हित कर ली गई है।
नगर निगम आयुक्त एन. महांतेश ने कहा कि सभी इंदिरा कैंटीनों में गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं तथा स्वास्थ्य निरीक्षकों के साथ नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

