जिलाधिकारी बोलीं- स्थायी समाधान के लिए 100 करोड़ रुपए की योजना पर सरकार कर रही विचार, विशेषज्ञों से होगा परामर्श
कापू (उडुपी)। उडुपी जिले के कापू तालुक में समुद्री कटाव से प्रभावित हेजमाडी, पडुबिद्री, एर्मालु, कापू, पोलिपु तथा कटपाडी-मट्टु क्षेत्रों का जिलाधिकारी स्वरूपा टी.के. और विधायक गुर्मे सुरेश शेट्टी ने अधिकारियों के साथ दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों से नुकसान और तत्काल राहत की जरूरतों की जानकारी भी ली गई।
तत्काल राहत के लिए 2 करोड़ रुपए
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी स्वरूपा टी.के. ने कहा कि कापू विधानसभा क्षेत्र के 8-9 तटीय कटाव प्रभावित स्थलों का निरीक्षण किया गया है। जहां आवश्यकता है, वहां बंदरगाह विभाग को तत्काल सुरक्षा कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए 2 करोड़ रुपए तत्काल जारी किए जा रहे हैं और शीघ्र ही कार्य प्रारंभ होगा।
उन्होंने कहा कि समुद्री कटाव के स्थायी समाधान के लिए राज्य सरकार को पहले ही प्रस्ताव भेजा जा चुका है। इस संबंध में चेन्नई की विशेषज्ञ संस्था के साथ तकनीकी परामर्श चल रहा है। शोरलाइन मैनेजमेंट प्लान (एसएमपी) के आधार पर विशेषज्ञों की सिफारिश के अनुसार दीर्घकालिक सुरक्षा कार्य किए जाएंगे।
100 करोड़ रुपए की स्थायी योजना
विधायक गुर्मे सुरेश शेट्टी ने कहा कि कापू क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में समुद्री कटाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे तटीय क्षेत्रों के निवासी भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहे हैं। स्थायी समाधान के लिए लगभग 100 करोड़ रुपए की व्यापक परियोजना तैयार की गई है, जिसे विधानसभा के सत्र में भी उठाया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार जल्द इस योजना को मंजूरी देकर तटीय क्षेत्रों को स्थायी सुरक्षा प्रदान करेगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

