सीपीसीबी के आदेश के बाद जेस्कॉम ने काटी बिजली, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
कोप्पल। पर्यावरण संरक्षण संबंधी नियमों के लगातार उल्लंघन के आरोप में कोप्पल जिले के गिणिगेरी-होसपेट मार्ग स्थित कल्याणी स्टील्स लिमिटेड के संयंत्र को बंद करने का आदेश केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने जारी किया है। आदेश मिलते ही जिला प्रशासन ने फैक्ट्री की बिजली आपूर्ति तत्काल प्रभाव से बंद करा दी।
जिलाधिकारी डॉ. सुरेश इटनाल के निर्देश पर जेस्कॉम के अधिकारियों ने संयंत्र पहुंचकर विद्युत आपूर्ति काट दी। कार्रवाई में जेस्कॉम के कार्य एवं अनुरक्षण प्रभाग के कार्यकारी अभियंता फणी राजेश, कार्यकारी अभियंता मोटला नायक तथा उपखंड अधिकारी मोहम्मद जिलानी शामिल थे।
जिलाधिकारी डॉ. इटनाल ने कहा कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में फैक्ट्री का बिजली कनेक्शन काट दिया गया है। विशेषज्ञों की रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ है कि संयंत्र लगातार प्रदूषण नियंत्रण संबंधी मानकों का उल्लंघन कर रहा था।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले मई में भी पर्यावरण नियमों के उल्लंघन के कारण कोप्पल तालुक के अल्लानगर के निकट स्थित होसपेट इस्पात प्राइवेट लिमिटेड तथा हालवर्ती गांव के समीप स्थित पी. बालसुब्बशेट्टी पावर एंड स्टील्स इकाइयों को भी सील कर दिया गया था। प्रशासन की लगातार कार्रवाई से औद्योगिक इकाइयों में पर्यावरण मानकों के पालन को लेकर सख्ती का संदेश गया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

