1,892.5 वर्गफुट की अनूठी कलाकृति
धारवाड़ के अमर काले ने मसालों से रचा विश्व रिकॉर्ड
हुब्बल्ली। रंग और ब्रश छोडक़र रसोई के हल्दी और मिर्च पाउडर को कैनवास बना देने वाले धारवाड़ के कलाकार अमर राजू काले ने कला की दुनिया में अनूठा मुकाम हासिल किया है। मसालों से बनाई गई उनकी 1,892.5 वर्गफुट की विशाल कलाकृति को गिनीज वल्र्ड रिकॉड्र्स में जगह मिली है। उनकी यह कलाकृति अब गिनीज के आधिकारिक पेज पर भी प्रदर्शित हो रही है।
अमर काले ने 27 जनवरी 2026 को धारवाड़ में यह विशाल चित्र तैयार किया था। कर्नाटक के मानचित्र के भीतर उन्होंने हम्पी के ऐतिहासिक पत्थर के रथ को हल्दी और मिर्च पाउडर से उकेरा। उनका कहना है कि इस प्रयोग के जरिए कर्नाटक की विरासत और भारत की मसाला संस्कृति को एक ही कलाकृति में पिरोने का प्रयास किया गया।
एक कलाकार, तीन गिनीज रिकॉर्ड
अमर काले की यह उपलब्धि अकेली नहीं है। वर्ष 2026 में ही उन्होंने मुंह का इस्तेमाल कर 1,209 वर्गफुट का चित्र बनाया था, जिसमें भारतीय सैनिक की आकृति उकेरी गई थी। इससे पहले 2021 में एक मिनट में सबसे अधिक चित्रित हाथों की छाप वाली कलाकृति बनाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज हुआ था।
स्वयं सीखी कला के जरिए अपनी अलग पहचान बनाने वाले काले धारवाड़ की मराठा कॉलोनी स्थित अपनी गैलरी में कलाकृतियां प्रदर्शित करते हैं। उनकी कृतियां भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, अमरीका और यूएई तक पहुंच रही हैं।
अमर काले ने अपनी इस उपलब्धि को माता-पिता और सहयोग देने वालों को समर्पित किया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

