कारगिल विजय दिवस पर पूर्व सैनिकों का सम्मान, युवाओं को राष्ट्रभक्ति का संदेश
हुब्बल्ली । कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने अद्वितीय शौर्य, साहस और पराक्रम का परिचय देकर देश का गौरव बढ़ाया। उनके त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। कारगिल विजय दिवस हमें उन अमर वीरों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। यह बात स्वर्ण समूह संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. वीएसवी प्रसाद ने कही।
वे शहर के भावाजी मठ उद्यान में भगत सिंह सेवा संघ द्वारा आयोजित कारगिल विजय उत्सव कार्यक्रम का पौधारोपण कर उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश और समाज के लिए समर्पित महान विभूतियों के योगदान को याद रखना हमारी संस्कृति का हिस्सा है। भगत सिंह सेवा संघ हर वर्ष कारगिल विजय दिवस मनाकर युवाओं को देशभक्ति, सैन्य इतिहास और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का सराहनीय कार्य कर रहा है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी में राष्ट्रसेवा की भावना मजबूत होती है।
डॉ. प्रसाद ने कहा कि राष्ट्रहित में होने वाले ऐसे सामाजिक और प्रेरणादायी कार्यक्रमों के लिए वे भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देते रहेंगे।
कार्यक्रम में संघ के विशाल जाधव, सुनील बूदूर, राहुल वाघमरे और प्रेमसिंह राठौड़ सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर पूर्व सैनिक सुबेदार रामसिद्धप्पा जायी, सुबेदार बाबू अरवल्ली, लेफ्टिनेंट के.सी. हिरेमठ, हवलदार अनिल कुमार तथा पी.एम. संतोष राठौड़ का शॉल एवं सम्मान-पत्र देकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस को नमन किया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

