ग्रामीण युवाओं तक पहुंचे एआई तकनीक, तभी भारत बनेगा वैश्विक टेक्नोलॉजी लीडर
चिक्कबल्लापुर (मुद्देनहल्ली)। कर्नाटक सरकार की मुख्य सचिव डॉ. शालिनी रजनीश ने कहा कि देश का वास्तविक और समग्र विकास तभी संभव है, जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीक केवल शहरों तक सीमित न रहकर ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं तक भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि तकनीक के साथ मानवीय संवेदनाएं, नैतिकता और करुणा का समावेश भी उतना ही आवश्यक है।
डॉ. रजनीश सोमवार को चिक्कबल्लापुर तालुक के मुद्देनहल्ली स्थित सत्य साई ग्राम में आयोजित ‘रूरलशोर्स एआई स्किलिंग एंड एक्सपीरियंस सेंटर’ के उद्घाटन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि आज के तेजी से बदलते तकनीकी दौर में एआई जैसी आधुनिक तकनीक का उद्देश्य केवल नवाचार तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह मानव जीवन को बेहतर बनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम भी बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस केंद्र का सेवा और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़े सत्य साई ग्राम में स्थापित होना अत्यंत प्रेरणादायक है।
मुख्य सचिव ने रूरलशोर्स की सराहना करते हुए कहा कि संस्था पिछले 18 वर्षों से ग्रामीण युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है, जिससे उन्हें रोजगार के लिए शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ रहा। अब तक 30 हजार से अधिक युवाओं और महिलाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है। वहीं, ‘पीपलशोर्स’ के माध्यम से अमेरिका में भी लगभग 500 युवा महिलाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं।
उन्होंने सद्गुरु श्री मधुसूदन साईं के नेतृत्व में संचालित सेवा कार्यों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नि:शुल्क शिक्षा, नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवा और पौष्टिक भोजन को प्रत्येक व्यक्ति का मूल अधिकार मानकर किए जा रहे कार्य समाज के वंचित वर्गों के लिए प्रेरणादायक हैं। भारत के पहले पूर्णतः नि:शुल्क ग्रामीण मेडिकल कॉलेज श्री मधुसूदन साईं इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज सहित कई परियोजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।
डॉ. रजनीश ने विश्वास व्यक्त किया कि कर्नाटक देश की तकनीकी राजधानी के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे एआई स्किल सेंटर ग्रामीण युवाओं को भविष्य की तकनीकों के अनुरूप तैयार करेंगे और भारत को वैश्विक तकनीकी नेतृत्व दिलाने में ग्रामीण प्रतिभाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
कार्यक्रम में रूरलशोर्स के निदेशक, सद्गुरु श्री मधुसूदन साईं, देश-विदेश से आए गणमान्य अतिथि, श्रद्धालु तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
