किले की दीवारों के आसपास से अवरोध हटेंगे, नालों की सफाई और जल निकासी मार्ग का होगा विस्तार
विजयपुर। शहर में जलभराव की समस्या से स्थायी निजात दिलाने और सौंदर्यीकरण को गति देने के लिए विजयपुर नगर विकास प्राधिकरण तथा महानगर निगम ने कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराने का निर्णय लिया है। शिवाजी सर्कल से लिंगदगुड़ी मार्ग तथा गच्चिन कट्टी कॉलोनी से सटी किले की दीवार के आसपास वर्षा जल की सुचारु निकासी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कार्य किए जाएंगे।
नगर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. गंगाधर संबण्णी की अध्यक्षता में महानगर निगम आयुक्त के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक में इस संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
किले के आसपास से हटेगा अतिक्रमण
बैठक में किले की दीवार के आसपास उगी झाडिय़ों, कंटीली झाडिय़ों और घास-फूस को पूरी तरह हटाने का निर्णय लिया गया। साथ ही किले की खाई के आसपास जमा गाद निकालकर जल प्रवाह के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने तथा नालों का आवश्यक विस्तार करने पर सहमति बनी।
पानी के निर्बाध प्रवाह के लिए आवश्यक स्थानों पर सुरक्षा दीवार बनाने और जल निकासी मार्ग में आने वाले अवरोधों को हटाने का भी निर्णय लिया गया।
“जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा”
नगर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष गंगाधर संबण्णी ने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने के बाद बारिश के मौसम में शहर में पानी जमा होने की समस्या का स्थायी समाधान होगा और नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
सौंदर्यीकरण के कई प्रस्तावों पर चर्चा
बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। गांधी चौक के पुनर्निर्माण एवं विकास कार्य, बेगम तालाब के विकास तथा तालाब के बांध को जोडऩे वाले संपर्क कार्यों पर चर्चा हुई। इसके अलावा महाबलेश्वर नगर उद्यान के विकास का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया।
रामनगर सडक़ के हस्तांतरण तथा गच्चिन कट्टी कॉलोनी में वर्षा जल निकासी नाले के आउटलेट प्वाइंट के रखरखाव को लेकर भी चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक में महानगर निगम आयुक्त विजय मेक्कलकी, नगर विकास प्राधिकरण के आयुक्त राजशेखर डंबल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

