उद्घाटन के महीनों बाद भी बदहाल सीएचसी, मोबाइल की रोशनी में 9 घायलों का इलाजमोबाइल की रोशनी में घायल का इलाज करते चिकित्सक।

जनरेटर में डीजल तक नहीं

स्टाफ और जरूरी उपकरणों का अभाव

विधायक-मंत्री के आश्वासन पर उठे सवाल

देवरहिप्परगी (विजयपुर)। सरकार विकास के दावे भले ही कितने करे, लेकिन देवरहिप्परगी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इन दावों की हकीकत सामने ला रहा है। उद्घाटन के कई महीने बाद भी अस्पताल में जरूरी स्टाफ और उपकरणों की व्यवस्था नहीं हो सकी है। मंगलवार को सडक़ हादसे में घायल नौ लोगों को उपचार के लिए यहां लाया गया तो अस्पताल में बिजली नहीं थी। जनरेटर उपलब्ध होने के बावजूद उसमें डीजल नहीं था। ऐसे में डॉक्टरों और कर्मचारियों को मोबाइल फोन की टॉर्च की रोशनी में घायलों का उपचार करना पड़ा।

घटना ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे जैसे आपातकालीन समय में जहां तत्काल चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए, वहीं डीजल के अभाव में पूरा अस्पताल अंधेरे में डूब गया। डॉक्टरों और कर्मचारियों ने अपनी ओर से तत्परता दिखाते हुए मोबाइल की रोशनी में उपचार किया, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने व्यवस्था की पोल खोल दी।

उद्घाटन के समय किए गए थे बड़े वादे

कर्नाटक रक्षणा वेदिके की तालुक इकाई के अध्यक्ष रहमान कनकाल ने कहा कि सीएचसी के उद्घाटन के दौरान जिला प्रभारी मंत्री एम.बी. पाटील ने आवश्यक स्टाफ उपलब्ध कराने और डायलिसिस केंद्र शुरू करने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा मुख्यमंत्री से चर्चा कर कार्रवाई का आश्वासन दिया था। विधायक राजुगौड़ा पाटील ने भी अस्पताल में आवश्यक कर्मचारी और उपकरण उपलब्ध कराने की बात कही थी। लेकिन महीनों बाद भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि तालुक क्षेत्र में सडक़ दुर्घटना या अन्य आपदा होने पर घायलों को सबसे पहले इसी अस्पताल में लाया जाता है। डॉक्टर और कर्मचारी उपलब्ध संसाधनों में पूरी तत्परता से उपचार करते हैं, लेकिन पर्याप्त स्टाफ, उपकरण और बुनियादी सुविधाएं नहीं होने से उनकी क्षमता भी सीमित हो जाती है।

तत्काल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग

सामाजिक कार्यकर्ताओं नजीर कलकेरी, रमेशबाबू मेटगार, राऊत अगसर और इंगलगी के संतोष बिरादार ने विधायक, मंत्री तथा जिला स्वास्थ्य अधिकारियों से अस्पताल में तत्काल आवश्यक स्टाफ, चिकित्सा उपकरण, डीजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

विधायक राजुगौड़ा पाटील ने कहा कि अस्पताल में स्टाफ और सुविधाओं की कमी को लेकर विभागीय मंत्री तथा अधिकारियों से चर्चा की गई है। मंत्री ने आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

 

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *