तकनीकी अड़चन से रुका काम, सडक़ पर यातायात का दबाव
बारिश-धूप में खुले में पड़े सरिए जंग खा रहे
हुब्बल्ली। शहर के चन्नम्मा सर्कल के पास स्मार्ट सिटी योजना के तहत निर्माणाधीन मल्टीलेवल कार पार्किंग भवन वर्षों बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। तकनीकी समस्या के कारण निर्माण कार्य लंबे समय से रुका होने से इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अधूरे निर्माण के कारण आसपास का क्षेत्र भी अव्यवस्थित नजर आ रहा है।
हुब्बल्ली-धारवाड़ इंडियन इंस्टीट्यूट केंद्र के चेयरमैन सुरेश किरेसूर ने निर्माण स्थल की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि भवन में इस्तेमाल होने वाले लोहे के सरिए लंबे समय से खुले में पड़े हैं। बारिश और तेज धूप के संपर्क में आने से सरियों पर जंग लग रही है। लंबे समय तक इसी स्थिति में रहने से उनकी गुणवत्ता और मजबूती प्रभावित होने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन से तैयार हो रही परियोजना को इस तरह अधूरा छोडऩा उचित नहीं है। संबंधित अधिकारियों को निर्माण में सामने आई तकनीकी खामियों को तत्काल दूर कर काम दोबारा शुरू कराना चाहिए।
किरेसूर ने मांग की कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार जल्द पूरा किया जाए, ताकि पार्किंग सुविधा उपलब्ध होने के साथ चन्नम्मा सर्कल और आसपास की सडक़ों पर यातायात का दबाव भी कम हो सके।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

