सीएम की मध्यस्थता में 10 घंटे चली पांच दौर की बैठक
दो दिन में गन्ने के भाव पर अंतिम फैसला
बेलगावी। कर्नाटक में गन्ना किसानों और चीनी मिल मालिकों के बीच जारी विवाद सुलझने की उम्मीद बढ़ी है। मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार की मध्यस्थता में करीब 10 घंटे चली पांच दौर की बातचीत के बाद गन्ने का भाव तय करने के फार्मूले पर सहमति बनी। अंतिम निर्णय अगले दो दिनों में घोषित होने की संभावना है।
शिवकुमार ने सोमवार को सुवर्ण विधानसौधा और सर्किट हाउस में दोनों पक्षों के साथ बैठकें कीं। चर्चा में नौ मंत्री, करीब 70 विधायक और राज्य की 80 में से 79 चीनी मिलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। किसान नेताओं ने भी अपनी मांगें रखीं।
केंद्र के फैसले के बाद तय होगा भाव
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य तय किए जाने के बाद उसके अनुरूप गन्ने का भाव निर्धारित करने पर सहमति बनी है। चीनी मिल मालिक इस प्रस्ताव पर सहमत हैं। किसानों ने आपसी चर्चा के लिए दो दिन का समय मांगा है।
शिवकुमार ने कहा कि किसानों की आजीविका सुरक्षित रखने के साथ चीनी मिलों का संचालन भी जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समझौते के लिए राज्य सरकार अपना समर्थन जारी रखेगी और आवश्यकता पडऩे पर केंद्र से भी बातचीत करेगी।
बैठक में मंत्री सतीश जारकीहोली, लक्ष्मण सवदी, संतोष लाड और यशवंतराय गौड़ा पाटिल सहित जनप्रतिनिधि, किसान नेता बडगलपुर नागेंद्र, कुरुबूरु शांतकुमार और चुक्की नंजुंडस्वामी तथा चीनी उद्योग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

