बिना चेतावनी संकेत वाहन छोडऩा पड़ेगा महंगा
कल्लडका फ्लाईओवर पर दो वाहनों के खिलाफ मामला
बंटवाल (दक्षिण कन्नड़)। बीसी रोड-अड्डहोले नए हाईवे पर खराब या लापरवाही से खड़े किए गए भारी वाहनों के कारण हादसे का खतरा बढ़ रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए बंटवाल यातायात पुलिस ने हाईवे पर बिना सुरक्षा उपायों के वाहन खड़ा छोडऩे वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
नया हाईवे बेहतर सुविधाओं के साथ तैयार हुआ है, लेकिन इसके किनारे जगह-जगह वाहनों की असुरक्षित पार्किंग परेशानी का कारण बन रही है। कुछ वाहन खराब होने के कारण खड़े रहते हैं, जबकि कुछ चालक आराम के लिए भारी वाहनों को हाईवे के किनारे असुरक्षित ढंग से खड़ा कर देते हैं।
कल्लडका फ्लाईओवर पर कार्रवाई
कल्लडका फ्लाईओवर पर दो वाहन खराब होकर खड़े थे। वाहन चालकों ने उनके आसपास चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टिव बैरिकेड या रेडियम स्ट्रिप नहीं लगाई थी। साथ ही, वाहन खराब होने की सूचना पुलिस को भी नहीं दी गई। इससे अन्य वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हुई और दुर्घटना की आशंका बढ़ गई। इस मामले में बंटवाल यातायात पुलिस थाने में दोनों वाहनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
रात में ज्यादा खतरा
हाईवे पर वाहनों की गति अधिक होने के कारण रात के समय बिना संकेत खड़े वाहन आसानी से दिखाई नहीं देते। इंडिकेटर, रेडियम स्ट्रिप और अन्य परावर्तक उपकरणों का इस्तेमाल नहीं होने पर पीछे से आने वाले वाहन उनसे टकरा सकते हैं।
हाईवे के रखरखाव और निर्माण की जिम्मेदारी संभालने वाली एजेंसी द्वारा ऐसे मामलों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं।
क्या करें चालक
वाहन खराब होने पर तुरंत रिफ्लेक्टिव बैरिकेड या चेतावनी उपकरण लगाएं।
वाहन को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर हटाने की व्यवस्था करें।
रात में रेडियम स्ट्रिप और परावर्तक उपकरण अनिवार्य रूप से लगाएं।
पुलिस तथा हाईवे रखरखाव एजेंसी को तत्काल सूचना दें।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

