बारिश की कमी के बीच दावणगेरे में पुरानी परंपरा का पुन: शुभारंभ
श्रद्धालुओं ने मांगी वरुण देव की कृपा
पांच रविवार तक लगेगा विशेष साप्ताहिक बाजार
बड़ी संख्या में पहुंचे किसान और व्यापारी
दावणगेरे. जिले में सामान्य से कम बारिश होने के कारण अच्छी बारिश की कामना को लेकर दावणगेरे की आराध्य देवी दुर्गाम्बिका मंदिर के सामने रविवार से पारंपरिक साप्ताहिक बाजार (संडे मार्केट) का शुभारंभ किया गया। स्थानीय मान्यता के अनुसार वर्षा संकट के समय देवी की विशेष पूजा के साथ मंदिर के समक्ष बाजार लगाने की वर्षों पुरानी परंपरा रही है।
जिले में इस वर्ष अपेक्षित मानसूनी बारिश नहीं होने से पेयजल संकट गहराने लगा है और किसान खरीफ फसलों की बुवाई को लेकर चिंतित हैं। इसी कारण गत सप्ताह देवी दुर्गाम्बिका की एडे जात्रा आयोजित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई थी। इसके बावजूद पर्याप्त बारिश नहीं होने पर अब परंपरा के अनुसार मंदिर के सामने साप्ताहिक बाजार लगाने का निर्णय लिया गया।
लगातार पांच रविवार तक लगेगा बाजार
दुर्गाम्बिका मंदिर धर्मदर्शी ट्रस्ट और महानगर निगम के साथ विचार-विमर्श के बाद 28 जून से लगातार पांच रविवार तक मंदिर परिसर के सामने बाजार आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
रविवार सुबह से ही आसपास के गांवों से किसान और व्यापारी बड़ी संख्या में पहुंचे। दुर्गाम्बिका मंदिर से बड़ापेटे गणेश मंदिर, कन्निका परमेश्वरी मंदिर मार्ग, मकान रोड, हलेपेटे, बीरलिंगेश्वर, ईश्वर, निमिषाम्बा, मार्कंडेश्वर, वीरभद्रेश्वर तथा अंजनेय मंदिरों के आसपास की सडक़ों पर बाजार गुलजार रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दावणगेरे में बारिश की कमी होने पर देवी की विशेष पूजा के साथ मंदिर के सामने बाजार लगाने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। बाजार शुरू होने के दिन आसमान में बादल छाने से लोगों ने इसे शुभ संकेत मानते हुए शीघ्र अच्छी बारिश होने की उम्मीद जताई।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

