पूजा सामग्री की राशि पर तकरार से बिगड़ी पूजा व्यवस्था
दर्शन को पहुंचे भक्त निराश लौटे
तनाव के बीच पुलिस बल तैनात
होन्नावर (उत्तर कन्नड़)। कर्नाटक के प्रसिद्ध तीर्थस्थल इडगुंजी विनायक मंदिर में पुजारियों के आपसी विवाद ने पूजा व्यवस्था को ठप कर दिया। रविवार सुबह भगवान विनायक का नित्य अभिषेक और अन्य पूजा-अर्चनाएं नहीं हुईं। इससे दर्शन के लिए पहुंचे भक्तों को निराश होकर लौटना पड़ा। मंदिर में पूजा बाधित होने से भक्तों में भारी नाराजगी है।
मंदिर में प्रतिदिन तीनों समय अभिषेक की परंपरा है, लेकिन रविवार सुबह यह धार्मिक अनुष्ठान नहीं हुआ। पुजारियों ने भी अभिषेक नहीं होने की पुष्टि की है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंदिर प्रबंधन की ओर से पूजा सामग्री के लिए दी जाने वाली राशि को लेकर पुजारियों के बीच विवाद हुआ। इसी तकरार के चलते पूजा-अर्चना रोक दी गई। हालांकि, विवाद के सभी पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद मंदिर परिसर में तनाव की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। प्रसिद्ध तीर्थस्थल में पूजा बाधित होने से मंदिर की व्यवस्था और विवाद के समाधान को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

