नहरों में उतरकर लोग ले रहे ठंडक का आनंद, लेकिन सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
चित्रदुर्ग. हिरियूर तालुक में इस बार पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। घरों में पंखों से भी गर्म हवा ही मिल रही है, ऐसे में बाहर और अंदर दोनों जगह रहना कठिन हो गया है। इसी बीच वाणी विलास सागर बांध से नहरों में छोड़ा गया पानी लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं साबित हो रहा है।
नहरों में उमड़ी लोगों की भीड़
पिछले शुक्रवार से बांध का पानी ऊपरी, दाएं और बाएं नहरों में छोड़ा जा रहा है। जैसे ही पानी पहुंचा, सैकड़ों लोग नहरों में उतरकर नहाने और तैरने लगे। स्थानीय लोगों के साथ-साथ बेंगलूरु, तुमकूरु और चित्रदुर्ग से भी पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।
ऊपरी नहर की लंबाई 9.60 किमी, दाएं नहर 46.40 किमी और बाएं नहर 48 किमी तक फैली है। बांध के अंतिम हिस्सों तक पानी पहुंचने में अभी कुछ दिन और लगेंगे।
बच्चों और युवाओं में खास उत्साह
स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी होने के कारण बड़ी संख्या में बच्चे और युवा परिवार के साथ यहां पहुंच रहे हैं। कई लोग ट्यूब लेकर पानी में खेलते नजर आए, जबकि कुछ किनारे पर बैठकर पानी डालकर गर्मी से राहत पा रहे हैं।
पर्यटकों को भी आकर्षित कर रहा स्थल
बेंगलूरु के इलेक्ट्रॉनिक सिटी से आए निजी कंपनी कर्मचारी नारायण ने कहा कि यहां नहर में नहाना स्वर्ग जैसा अनुभव है। सुबह से शाम तक परिवार के साथ पानी में समय बिताते हैं।
चित्रदुर्ग के मंजुनाथ ने बताया कि यहां का साफ पानी और बांध की मछलियों का स्वाद लेने के लिए हम अक्सर दोस्तों के साथ आते हैं।
सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी
हालांकि, इस बढ़ती भीड़ के बीच सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नहरों में तेज बहाव के कारण कई दुर्घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं।
ग्राम पंचायत के पूर्व सदस्य पेरिस्वामी ने चेतावनी देते हुए कहा कि लोग तारबंदी तोडक़र नहरों में उतर रहे हैं, जो खतरनाक है। प्रशासन को चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षित स्थान चिन्हित करने चाहिए, साथ ही तैराकी जानने वाले सुरक्षाकर्मियों की नियुक्ति जरूरी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

