बिदिरुतल बस स्टॉप के पास घटना, यातायात प्रभावित नहीं
मूडीगेरे (चिक्कमगलूरु). दक्षिण कन्नड़ और कॉफीनगरी चिक्कमगलूरु क्षेत्र को जोडऩे वाले महत्वपूर्ण चारमाडी घाट में शनिवार को पहाड़ी से छोटे-बड़े पत्थर खिसकने की घटना सामने आई। बिदिरुतल बस स्टॉप के समीप सडक़ किनारे स्थित ऊंची पहाड़ी से पत्थर गिरने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
लगातार बारिश से बढ़ी आशंका
बताया जा रहा है कि पिछले एक महीने से मलेनाडु क्षेत्र में हो रही प्री-मानसून बारिश के कारण जमीन में नमी बढ़ गई है, जिसके चलते यह घटना हुई। हालांकि, किसी वाहन को नुकसान नहीं पहुंचा और न ही यातायात पर कोई असर पड़ा।
मानसून के दौरान बढ़ सकता है खतरा
हाल ही में मानसून की शुरुआत हुई है और आगामी तीन महीनों तक भारी बारिश की संभावना के बीच चारमाडी घाट सहित पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और पहाड़ी धंसने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
जिलाधिकारी ने किया था निरीक्षण
दो दिन पहले ही चिक्कमगलूरु के जिलाधिकारी भंवर सिंह मीना ने चारमाडी घाट के संवेदनशील और संभावित भूस्खलन क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया था। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश भी दिए थे। निरीक्षण के कुछ ही दिनों बाद पत्थरों के गिरने की घटना सामने आने से संभावित खतरे को लेकर सतर्कता और बढ़ गई है।
वाहन चालकों को सावधानी की सलाह
बारिश के मौसम में चारमाडी घाट से गुजरने वाले वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने और खराब मौसम के दौरान सावधानीपूर्वक यात्रा करने की सलाह दी गई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

