उडुपी में जमीन-मकान और विवाह पंजीकरण के लिए रोज उमड़ती भीड़
छह में सिर्फ दो कर्मचारी
उडुपी। जमीन और विवाह पंजीकरण जैसे महत्वपूर्ण कामों के लिए रोजाना सैकड़ों लोगों के पहुंचने वाले उडुपी उप-पंजीयक कार्यालय में बुनियादी सुविधाओं की कमी से जनता परेशान है। प्रजासौधा की पहली मंजिल पर स्थित कार्यालय में सर्वर की समस्या, सीमित लिफ्ट, खराब आसन और कर्मचारियों की कमी के कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
सर्वर समस्या से घंटों इंतजार
कार्यालय के कामकाज के लिए जरूरी इंटरनेट और सर्वर बार-बार बाधित होने से सामान्य काम में भी देरी हो रही है। दूर-दराज से आने वाले लोगों को पूरा दिन इंतजार के बाद भी बिना काम लौटना पड़ रहा है। छह कर्मचारियों के स्वीकृत पदों के मुकाबले फिलहाल दो कर्मचारी ही काम कर रहे हैं।
लिफ्ट में क्षमता से ज्यादा भीड़
चार लोगों की क्षमता वाली लिफ्ट में पांच-छह लोगों के जाने की शिकायत है। बिजली कटौती के दौरान लिफ्ट बंद हो जाती है, जिससे बुजुर्गों, दिव्यांगों और बीमार लोगों को सीढिय़ां चढऩे में परेशानी होती है। कार्यालय को भूतल पर स्थानांतरित करने की मांग भी उठ रही है।
टूटी कुर्सियां, इंतजार में खड़े लोग
पर्याप्त और व्यवस्थित बैठने की सुविधा नहीं होने से लोगों को घंटों खड़े रहना पड़ता है। उपलब्ध कुछ कुर्सियां भी क्षतिग्रस्त हैं। बारिश और गर्मी में कारिडोर में इंतजार करने वालों की परेशानी और बढ़ जाती है।
व्यवस्था सुधारने की तैयारी
वरिष्ठ उप-पंजीयक गिरीश एम. ने बताया कि राज्यभर में पिछले तीन दिनों से नेटवर्क समस्या है। पितृपक्ष से पहले शुभ दिनों के कारण पंजीकरण के लिए भीड़ बढ़ी है। समय-निर्धारण के अनुसार आवेदकों को संदेश भेजे जाते हैं, लेकिन कई लोग तय समय से पहले पहुंच जाते हैं।
उडुपी तहसीलदार गुरुराज ने कहा कि नए आसन लगाने और कारिडोर में वातानुकूलन की व्यवस्था के लिए हाउसिंग बोर्ड को अनुदान दिया गया है। जल्द काम शुरू होगा। बिजली कटौती में लिफ्ट चालू रखने के लिए बैटरी लगाने की भी योजना है। उन्होंने लोगों से लिफ्ट में निर्धारित क्षमता से अधिक सवार न होने की अपील की। भूतल पर पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण फिलहाल कार्यालय को वहां स्थानांतरित करना संभव नहीं है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

