पुलिस रिमांड के दौरान एनआईए ने भी की पूछताछ, मोबाइल एफएसएल जांच के लिए भेजा
दावणगेरे. पाकिस्तान से कथित संबंधों के आरोप में गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी सोहेल को पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लेने के बाद हरिहर ग्रामीण थाना पुलिस ने रिमांड अवधि पूरी होने से पहले ही उसे पुन: न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एनआईए ने भी जुटाए अहम सुराग
उत्तर प्रदेश निवासी सोहेल को हरिहर तालुक के बन्निकोडु गांव से गिरफ्तार किया गया था। वह गांव के निकट स्थित एक निजी फैक्टरी में पेंटिंग का कार्य करता था। पहले न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी से विस्तृत पूछताछ के लिए पुलिस ने हरिहर के प्रधान सिविल एवं जेएमएफसी न्यायालय से पुलिस रिमांड की मांग की थी। न्यायालय ने 26 जून को 10 दिन की पुलिस हिरासत मंजूर की थी।
पुलिस हिरासत के दौरान हरिहर ग्रामीण थाना में सोहेल से गहन पूछताछ की गई। इस दौरान राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के अधिकारियों ने भी पूछताछ में शामिल होकर विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. एच.टी. शेखर ने बताया कि आरोपी का मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यकता पडऩे पर आरोपी को दोबारा पुलिस हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
