14 साल के प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत
कथित सुसाइड नोट में तीन लोगों को ठहराया जिम्मेदार
शादी में बाधा बनने के आरोप, जांच में जुटी पुलिस
कोप्पल। जिले में प्रेम संबंध और शादी में बाधा पहुंचाने के आरोपों के बीच एक निजी स्कूल की शिक्षिका की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शिक्षिका ने कथित तौर पर सुसाइड नोट लिखने के बाद तुंगभद्रा जलाशय के बैकवाटर में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान कोप्पल तालुक के कातरकी गांव निवासी संगीता मेटी के तौर पर की गई है।
परिजनों के अनुसार, दशहरा के दिन संगीता कोप्पल जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। बाद में विजयनगर जिले के निकट तुंगभद्रा जलाशय के बैकवाटर में उसका शव मिला।
14 साल से प्रेम संबंध, शादी को लेकर विवाद
बताया जा रहा है कि संगीता अपने रिश्तेदार विकास से करीब 14 वर्षों से प्रेम करती थीं। दोनों के संबंधों की जानकारी उनके परिवारों को भी थी। हालांकि, शादी की बात को लेकर विकास के परिवार में विवाद होने की बात सामने आई है। आरोप है कि विकास के भाई वसंत और उसकी पत्नी रेणुका इस शादी के खिलाफ थे और उन्होंने विवाह में बाधा पहुंचाई।
सुसाइड नोट में तीन लोगों के नाम होने का दावा
संगीता द्वारा कथित तौर पर लिखे गए सुसाइड नोट में प्रेम संबंध और शादी में बाधा का उल्लेख होने की बात कही जा रही है। इसमें विकास, वसंत कोप्पद और रेणुका के नाम लिखे होने तथा अपनी मौत के लिए तीनों को जिम्मेदार ठहराने का दावा किया गया है। नोट में तीनों को फांसी की सजा देने की मांग की गई है।
पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट की सत्यता, उसमें लगाए गए आरोपों और मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

