वर्षों से अटकी परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के सख्त निर्देश
शिवमोग्गा। सांसद बी. वाई. राघवेंद्र ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिले में छह-आठ वर्षों से लंबित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को अब और टालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। संबंधित अधिकारी सभी बाधाएं दूर कर इन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा करें।
जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में राघवेंद्र ने कहा कि भूमि अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान, संयुक्त सर्वेक्षण, वन अनुमति, पेड़ों की कटाई और अन्य विभागीय मंजूरियों के कारण परियोजनाओं में देरी स्वीकार्य नहीं है। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से लंबित मामलों का तत्काल निपटारा करें।
कई परियोजनाएं अब भी अटकी
राष्ट्रीय राजमार्ग-206 के तुमकूरु-शिवमोग्गा चार लेन मार्ग के एम.सी. हल्ली, कारेहल्ली टावर और मलवगोप्पा क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण की बाधाएं दूर कर ठेकेदार को जमीन सौंपने के निर्देश दिए गए।
शिवमोग्गा-मेंगलूरु राष्ट्रीय राजमार्ग-169 के लंबित भूमि अधिग्रहण और मुआवजा मामलों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-766सी के शिकारीपुर बाईपास के संयुक्त सर्वेक्षण और मुआवजा प्रक्रिया को भी शीघ्र पूरा करने को कहा गया।
बयंदूरु-निट्टूरु के 37.85 किलोमीटर मार्ग के लिए पेड़ हटाने की अनुमति और भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग-169ए के तीर्थहल्ली-मलपे मार्ग के मेगरवल्ली-अगुम्बे खंड में वन संबंधी प्रक्रियाएं तत्काल पूरी करने को कहा गया।
जिम्मेदारी से न भागें अधिकारी
राघवेंद्र ने कहा कि हजारों करोड़ रुपए की परियोजनाएं केवल विभागीय समन्वय के अभाव में लंबित रहना गंभीर लापरवाही है। अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने के बजाय मिलकर समस्याओं का समाधान करें। जरूरत पडऩे पर जिलाधिकारी स्तर पर समन्वय बैठक कर मौके पर ही निर्णय लिया जाए।
उन्होंने कहा कि हाईवे परियोजनाओं के पूरा होने से परिवहन, उद्योग, पर्यटन और कृषि उपज के आवागमन को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

