जिले के कई पुल जलमग्न
कलबुर्गी. चिंचोली तालुक के निछली छोर मुल्लामारी परियोजना के नागराल जलाशय और चंद्रम्पल्ली सिंचाई परियोजना के जलाशय से पानी नदी में छोड़े जाने से सरनाला और मुल्लामारी नदी में बाढ़ आ गई है।
चंद्रम्पल्ली जलाशय से दो गेट खोलकर पानी छोड़े जाने से मुल्लामारी की सहायक नदी सरनाला नदी भरकर बह रही है।
नागराल जलाशय से पानी छोड़े जाने से नदी में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई है।
चंद्रम्पल्ली जलाशय का पानी चिंचोली-देगलमड़ी के बीच मुल्लामारी नदी में मिलने से दोनों जलाशयों का पानी मिलकर मुल्लामारी के उफान का कारण बना है।
इसके चलते चंदापुर, पोलकपल्ली-अणवार, गरकपल्ली-भक्तमपल्ली, बुरुगपल्ली-इरगपल्ली ब्रिज एवं बैराज डूब गए हैं। इससे लोगों के आवाजाही में कोई बाधा नहीं आई है, परन्तु बारिश जारी रही तो समस्या उत्पन्न हो सकती है।
नागराल जलाशय का जलस्तर 489.55 मीटर है। रात में 2,500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जो अब चिंचोली-अणवार, पोलकपल्ली होते हुए आगे बढ़ रहा है। दिन में 450 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
चंद्रम्पल्ली जलाशय का जलस्तर 1,615 फीट तक पहुंच गया। आधी रात 12.30 बजे से दो गेट उठाकर 2,405 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जलाशय में 2,404 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। वर्तमान में जलाशय का जलस्तर 1,612.8 फीट है।

