पणंबूर बीच रोड पर राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर यातायात बाधित
एंबुलेंस समेत हजारों वाहन फंसे
केवल रात में ऐसे ट्रेलरों को अनुमति देने की मांग
मेंगलूरु. मेंगलूरु के पणंबूर बीच रोड के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर रविवार शाम 144 पहियों वाला एक विशाल मल्टी-एक्सल मॉड्यूलर ट्रेलर सडक़ पर फंस जाने से करीब दो घंटे तक भीषण यातायात जाम लग गया। इस दौरान दोनों ओर कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लग गईं और एंबुलेंस सहित हजारों वाहन जाम में फंस गए।
बंदरगाह से लौटते समय हुआ हादसा
न्यू मेंगलूरु पोर्ट प्राधिकरण (एनएमपीए) में भारी औद्योगिक उपकरण पहुंचाने के बाद ट्रेलर वापस लौट रहा था। शाम करीब चार बजे बीच रोड से राष्ट्रीय राजमार्ग पर चढ़ते समय मोड़ पर उसका अगला हिस्सा डिवाइडर पर चढ़ गया, जबकि पीछे का हिस्सा पूरी तरह सडक़ पर अटक गया। इससे मेंगलूरु से सुरतकल जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद हो गया।

दो घंटे तक यातायात प्रभावित
ट्रेलर न आगे बढ़ सका और न ही पीछे हट पाया। इसके कारण पणंबूर से कुलूर और कोट्टारा तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। शाम चार बजे से लगभग छह बजे तक यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। विमानतल, रेलवे स्टेशन और अन्य गंतव्यों की ओर जा रहे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि कई एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं।
कड़ी मशक्कत के बाद हटाया गया ट्रेलर
घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग प्रबंधन और बंदरगाह के अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्रेन और तकनीकी टीम की सहायता से ट्रेलर को पीछे खींचकर हटाया गया। इसके बाद एकतरफा यातायात शुरू कर स्थिति को सामान्य बनाया गया।
रात में ही अनुमति देने की मांग
घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे अत्यधिक बड़े ट्रेलरों को दिन के समय शहर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाए। उनका कहना है कि रात 10 से सुबह 6 बजे के बीच ही ऐसे वाहनों का संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के भीषण जाम और जनसुविधा में बाधा से बचा जा सके।
अपराध एवं यातायात विभाग के डीसीपी रविशंकर के. ने बताया कि ट्रैफिक बहाल करने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए गए और घटना के लिए जिम्मेदार ट्रक चालक के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

