हादसे का रूप देने की कोशिश नाकाम
विजयनगर जिले के हरपनहल्ली में सनसनीखेज वारदात
भाई और उसके दोस्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार
हरपनहल्ली (विजयनगर). संपत्ति विवाद में अपने ही बड़े भाई की हत्या कर उसे बाइक दुर्घटना का रूप देने की कोशिश करने वाले युवक को पुलिस ने उसके एक साथी सहित गिरफ्तार कर लिया। यह सनसनीखेज घटना शनिवार रात विजयनगर जिले के हरपनहल्ली तालुक के अरसीकेरे पुलिस थाना क्षेत्र में सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मरुलसिद्धेश्वर (26) के तौर पर की गई है। इस मामले में उसके छोटे भाई पत्रिगौड़ा (24) और उसके मित्र उत्तंगी नारप्पा (29) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की मां शांतम्मा की शिकायत के अनुसार, बड़ा बेटा मरुलसिद्धेश घर की जिम्मेदारी, जमीन और ट्रैक्टर की देखभाल करता था। वहीं छोटा बेटा पत्रिगौड़ा अक्सर संपत्ति में हिस्से की मांग को लेकर मां और भाई से झगड़ा करता था। 13 मार्च को भी इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ। इसके बाद पत्रिगौडा यह कहकर घर से निकल गया कि यदि उसे हिस्सा नहीं मिला तो वह काम की तलाश में बेंगलूरु चला जाएगा। बाद में मरुलसिद्धेश अपने मित्र उत्तंगी नारप्पा के साथ बाइक पर बैठकर उसे खोजने के लिए निकला।
शनिवार रात करीब 1 बजे परिवार को सूचना दी गई कि हिरेमेगलगेरे के पास होसहल्ली क्रॉस के निकट बाइक दुर्घटना में मरुलसिद्धेश की मौत हो गई है। जब शव को अरसीकेरे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, तो मृतक की मां ने उसके शरीर पर चोटों के निशान देखे, जबकि बाइक पर सवार अन्य दोनों को कोई चोट नहीं थी। इससे संदेह होने पर उस ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
इसके बाद पीएसआई विजयकृष्ण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की और हत्या की साजिश का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक एस जान्हवी डीवाईएसपी संतोष चौहान तथा सीपीआई महांतेश सज्जन ने भी घटनास्थल का दौरा कर जांच की। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

