कई जिलों में 44 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंचने की संभावना
मौसम विभाग की चेतावनी-हल्की बारिश के साथ उमस भरी गर्मी, कलबुर्गी सबसे अधिक प्रभावित
हुब्बल्ली. कर्नाटक में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप बढऩे की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के आंतरिक हिस्सों में बने सतही चक्रवातीय प्रभाव के चलते तटीय, दक्षिण और उत्तर आंतरिक क्षेत्रों के लगभग 25 प्रतिशत हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन इससे गर्मी में खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
इन जिलों में 43-44 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बीदर, रायचूर, विजयपुर, बागलकोट, कोडगु, कोप्पल, बल्लारी और विजयनगर जिलों में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, कलबुर्गी में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना जताई गई है।
अन्य जिलों में भी बढ़ेगा तापमान
बेलगावी, धारवाड़ और हावेरी जिलों में तापमान 36 से 38 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। दावणगेरे और चित्रदुर्ग में यह 38 से 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं, तटीय कर्नाटक और बेंगलूरु में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
तटीय क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार, 14 अप्रेल तक तटीय कर्नाटक में गर्म और आर्द्र (ह्यूमिड) मौसम बना रहेगा, जिससे लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
कलबुर्गी में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज
रविवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान कलबुर्गी में 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रायचूर में 39.4, विजयपुर में 39.5, गदग में 39, बागलकोट में 38.1, धारवाड़ में 37.2 और बेलगावी में 36.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बेंगलूरु में 35 डिग्री, मैसूर में 36 डिग्री और मेंगलूरु में 33.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

