कर्नाटक के 8 जिलों में हीट वेव अलर्टसांदर्भिक फोटो।

गदग में तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस पार

उत्तर कर्नाटक में भीषण गर्मी का कहर

दक्षिणी जिलों में बारिश से राहत के संकेत

हुब्बल्ली. कर्नाटक में गर्मी का प्रकोप दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि उत्तर कर्नाटक के कई हिस्सों में हालात और गंभीर हो गए हैं। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए 8 जिलों में हीट वेव (लू) का अलर्ट जारी किया है, जिससे जनजीवन पर व्यापक असर पडऩे की आशंका है।
कर्नाटक में एक ओर जहां भीषण गर्मी ने लोगों का जीवन कठिन बना दिया है, वहीं दूसरी ओर कुछ हिस्सों में संभावित बारिश राहत की उम्मीद जगा रही है। फिलहाल आने वाले दिनों में सतर्कता और सावधानी ही इस मौसम से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।

15 से 18 अप्रेल के बीच लू चलने की संभावना
मौसम वैज्ञानिक सीएस. पाटील के अनुसार बीदर, कलबुर्गी, यादगीर, रायचूर, विजयपुर, बागलकोट, कोप्पल और गदग जिलों में 15 से 18 अप्रेल के बीच लू चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में तापमान सामान्य से कई डिग्री अधिक रहने की आशंका जताई गई है।

राजधानी बेंगलूरु में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है, जहां अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, यहां उत्तर कर्नाटक जैसी तीव्र गर्मी नहीं होगी, लेकिन उमस और धूप से लोगों को राहत नहीं मिलेगी।

उत्तर में लू, दक्षिण में बारिश
जहां उत्तर कर्नाटक के जिले झुलसाने वाली गर्मी से जूझ रहे हैं, वहीं राज्य के दक्षिणी और तटीय हिस्सों में कुछ राहत की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह के दौरान दक्षिण और तटीय क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।

गदग में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड
गदग जिले में इस वर्ष अप्रेल माह में भीषण गर्मी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। यहां अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले कई वर्षों के औसत से अधिक है। आंकड़ों के अनुसार 4 अप्रेल को तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस था, जो 8 अप्रेल तक बढक़र 40.5 डिग्री सेल्सियस और 10 अप्रेल को 41.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 10 दिनों में तापमान और बढ़ सकता है तथा अप्रेल के अंत तक यह 42 से 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढऩे का खतरा है।

सरकारी समय बदलने की मांग
भीषण गर्मी के चलते सरकारी कार्यालयों के कामकाज के समय में बदलाव की मांग तेज हो गई है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि दोपहर की तेज गर्मी में काम करना मुश्किल हो रहा है, इसलिए सुबह के समय कार्यालय शुरू किए जाएं।

स्वास्थ्य विभाग की चेतावनी
गदग जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसएस. नीलगुंद ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और शरीर को ठंडा रखने के उपाय अपनाएं। यदि किसी को लू या गर्मी से संबंधित समस्या महसूस हो तो तुरंत नजदीकी अस्पताल या 108/102 हेल्पलाइन पर संपर्क करें।

गदग जिले में हर वर्ष अप्रेल महीने में दर्ज तापमान

वर्ष — तापमान
2023 — 39.5 डिग्री सेल्सियस
2024 — 40.2 डिग्री सेल्सियस
2025 — 40.8 डिग्री सेल्सियस
2026 — 41.5 डिग्री सेल्सियस

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *