जिलाधिकारी शिल्पा शर्मा ने किया गांवों का दौरा
बीदर जिले के औराद तालुक के कई गांवों में पेयजल स्थिति की समीक्षा
अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश
ग्रामीणों से सीधे संवाद कर समस्याएं सुनीं
बीदर. जिले में बढ़ती गर्मी और पेयजल संकट को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी शिल्पा शर्मा ने शनिवार को औराद तालुक के कई प्रभावित गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सोरहल्ली, जंबगी, महाराजवाड़ी, विजयनगर तांडा, एकलार तांडा और किरुगुनवाड़ी आदि गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।
दौरे के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गर्मी के इस मौसम में किसी भी गांव को पेयजल की कमी का सामना नहीं करना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने, वैकल्पिक जल स्रोत सुनिश्चित करने और नियमित आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान तहसीलदार महेश पाटिल, ग्रामीण पेयजल विभाग के सहायक अभियंता सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों को जल आपूर्ति व्यवस्था की निरंतर निगरानी करने और शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन गांवों में पानी की स्थिति अधिक गंभीर है, वहां प्राथमिकता के आधार पर टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि गर्मी के दौरान जल संकट से निपटने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

