49 साल बाद दोहरा सकता है इतिहास—एमजीआर के बाद अभिनेता से सीएम बनने की दहलीज पर विजय
चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में 2026 का विधानसभा चुनाव ऐतिहासिक मोड़ लेता नजर आ रहा है। शुरुआती रुझानों में अभिनेता विजय के नेतृत्व वाली तमिझगा वेट्री कझगम (टीवीके) ने जबरदस्त बढ़त बनाकर पारंपरिक सियासी समीकरणों को हिला दिया है।
यदि यह बढ़त जीत में बदलती है, तो करीब 49 साल बाद तमिलनाडु में इतिहास दोहराया जाएगा, जब किसी फिल्म स्टार से सीधे मुख्यमंत्री बनने का रास्ता खुलेगा। इससे पहले एम.जी. रामचंद्रन ने 1977 में यह करिश्मा किया था।
बहुमत के करीब टीवीके
234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है। ताजा रुझानों के मुताबिक टीवीके 110 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है और बहुमत के बेहद करीब पहुंच चुकी है। यह विजय को राज्य का संभावित अगला मुख्यमंत्री बना रहा है।
लंबी तैयारी का परिणाम
विजय की राजनीतिक सफलता अचानक नहीं आई। उन्होंने 2009 में अपने फैन क्लब ‘विजय मक्कल इयक्कम’ के जरिए सामाजिक कार्यों से शुरुआत की थी। 2024 में पार्टी लॉन्च करने के बाद उन्होंने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक सुधार जैसे मुद्दों को चुनावी अभियान का केंद्र बनाया।
सबसे अहम बात यह रही कि विजय ने अपने लगभग 30 साल के फिल्मी करियर को अलविदा कहकर पूरी तरह राजनीति में कदम रखा, जिससे उनकी छवि एक गंभीर नेता के रूप में मजबूत हुई।
द्रविड़ राजनीति को चुनौती
दशकों से तमिलनाडु की राजनीति द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIADMK) के इर्द-गिर्द घूमती रही है। लेकिन इस बार TVK के उभार ने से त्रिकोणीय मुकाबला पैदा कर दिया है और पारंपरिक राजनीति को बड़ा झटका दिया है।
गठबंधन के संकेत
विजय के पिता और फिल्म निर्देशक एस.ए. चंद्रशेखर ने संकेत दिए हैं कि TVK, कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बना सकती है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार कांग्रेस, मुस्लिम लीग और अन्य दलों की कुछ सीटों पर बढ़त TVK को स्थिर सरकार बनाने में मदद कर सकती है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि ये रुझान बरकरार रहते हैं, तो विजय का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय है और यह तमिलनाडु की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत होगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
