दावणगेरे और बागलकोट में कांग्रेस उम्मीदवार विजयी
आंतरिक कलह और अतिआत्मविश्वास भाजपा पर भारी
हुब्बल्ली. राज्य की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में मतदाताओं ने अपेक्षा के अनुरूप सत्तारूढ़ कांग्रेस का साथ दिया है। इस जीत के साथ कांग्रेस ने उपचुनावों में अपनी बढ़त बरकरार रखी, जबकि भाजपा को लगातार हार का सामना करना पड़ा है।
दावणगेरे में कांग्रेस उम्मीदवार समार्थ शामनूर ने भाजपा के श्रीनिवास दासकरियप्पा को 5,709 मतों से पराजित किया। वहीं बागलकोट में कांग्रेस के उमेश मेटी ने भाजपा के वीरन्ना चरंतिमठ को 22,332 मतों के अंतर से हराकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया। खास बात यह रही कि दोनों विजेताओं ने अपने पहले ही चुनाव में जीत हासिल की।
दावणगेरे में कड़ी टक्कर के बीच आंतरिक विरोध, उम्मीदवार चयन में देरी और स्थानीय असंतोष जैसी चुनौतियों के बावजूद समार्थ शामनूर जीत दर्ज करने में सफल रहे। उन्होंने अपने परिवार की राजनीतिक विरासत को बरकरार रखा। दूसरी ओर बागलकोट में उमेश मेटी ने शुरुआती बाधाओं को पार करते हुए अपने पिता के क्षेत्र को बचाने में सफलता पाई।
भाजपा के लिए आत्ममंथन का समय
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, भाजपा की हार का मुख्य कारण अतिआत्मविश्वास और आंतरिक गुटबाजी रही। दोनों क्षेत्रों में अंदरूनी विरोध का असर साफ दिखाई दिया। बागलकोट में जहां पार्टी को जीत का पूरा भरोसा था, वहीं परिणाम ने बड़ा झटका दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र के नेतृत्व में हुए उपचुनावों में पार्टी को लगातार हार का सामना करना पड़ा है, जिससे संगठन के भीतर भी सवाल उठने लगे हैं।
कांग्रेस को मिला सहानुभूति और योजनाओं का लाभ
विशेषज्ञों का मानना है कि कांग्रेस की जीत में सहानुभूति लहर, सरकार की गारंटी योजनाएं, संगठित प्रचार और विभिन्न समुदायों को साथ जोडऩे की रणनीति अहम रही। मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या और उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने मतभेदों के बावजूद एकजुट होकर प्रचार किया, जिसका सकारात्मक असर परिणामों में दिखा।
हालांकि उपचुनाव के परिणामों का सरकार पर सीधा प्रभाव नहीं पड़ता, लेकिन इस जीत से कांग्रेस को राजनीतिक मजबूती और नया उत्साह जरूर मिला है। वहीं भाजपा के लिए यह परिणाम आगामी चुनावों से पहले आत्ममंथन का संकेत माना जा रहा है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
