8 जून की बैठक में मजदूरी वृद्धि पर ठोस निर्णय की उम्मीद
कोल्हापुर. इचलकरंजी में पिछले 24 दिनों से जारी खर्चीवाले पावरलूमधारकों का आंदोलन फिलहाल 15 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। सोमवार को प्रांताधिकारी कार्यालय में पूर्व विधायक सुरेश हालवणकर की मध्यस्थता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में 8 जून को होने वाली अगली चर्चा में मजदूरी बढ़ोतरी पर ठोस फैसला लेने पर सहमति बनी।
आंदोलन के दौरान कुछ स्थानों पर तनावपूर्ण स्थिति बनने से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। इसी को देखते हुए प्रशासन और पूर्व विधायक हालवणकर ने मध्यस्थता की भूमिका निभाई। बैठक में खर्चीवाले पावरलूमधारकों और ट्रेडिंग एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के बीच लंबी चर्चा हुई।
ट्रेडिंग एसोसिएशन ने आंदोलन एक माह के लिए स्थगित करने की मांग रखी, जबकि पावरलूमधारकों ने मजदूरी वृद्धि पर तत्काल निर्णय लेकर उसे 15 दिनों बाद लागू करने की मांग की। इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी हुई। बाद में सुरेश हालवणकर ने दोनों पक्षों से संयम बनाए रखने की अपील की, जिसके बाद आंदोलन को 15 दिनों के लिए स्थगित करने पर सहमति बनी।
प्रांताधिकारी दीपक शिंदे ने ट्रेडिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों से 8 जून की बैठक में सकारात्मक भूमिका अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जो भी निर्णय होगा, वह अगले तीन वर्षों तक लागू रहेगा, इसलिए ऐसा समाधान निकाला जाए जिससे भविष्य में दोबारा आंदोलन की नौबत न आए।
बैठक में उपमहापौर अनिल डाल्या, विनय महाजन, पुंडलिक जाधव, शहाजी भोसले, नंदकुमार लोखंडे, धर्मा जाधव, तानाजी पोवार तथा ट्रेडिंग एसोसिएशन के घनश्याम इनानी, चंदमल मंत्री, रमलाल भंडारी, ओमप्रकाश दरक और सुशील इनानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

