अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 15 जुलाई तक चलेगी स्पेशल ट्रेन
मार्ग में 21 प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
हुब्बल्ली. यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने दानापुर और सर एम. विश्वेश्वरय्या टर्मिनल बेंगलूरु के बीच विशेष दैनिक एक्सप्रेस रेलगाड़ी चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष सेवा 1 जून से 15 जुलाई 2026 तक संचालित की जाएगी।
रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, गाड़ी संख्या 03251 दानापुर-सर एम. विश्वेश्वरय्या टर्मिनल बेंगलूरु दैनिक विशेष एक्सप्रेस प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे दानापुर से रवाना होगी और तीसरे दिन दोपहर 2.30 बजे बेंगलूरु पहुंचेगी।
वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 03252 सर एम. विश्वेश्वरय्या टर्मिनल बेंगलूरु-दानापुर दैनिक विशेष एक्सप्रेस 3 जून से 18 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन रात 11.50 बजे बेंगलूरु से प्रस्थान करेगी तथा तीसरे दिन दानापुर पहुंचेगी।
यह विशेष रेलगाड़ी आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सतना, जबलपुर, इटारसी, नागपुर, सेवाग्राम, चंद्रपुर, बल्हारशाह, वारंगल, विजयवाड़ा, गुंटूर, नरसरावपेट, मार्कापुर रोड, नंद्याल, धोने, गूटी, अनंतपुर, धर्मावरम, हिंदूपुर और येलहंका सहित प्रमुख स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।
रेलवे के अनुसार इस विशेष ट्रेन में कुल 24 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे, जिनमें द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी के 2, तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के 3, शयनयान श्रेणी के 10, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 7 तथा एसएलआरडी के 2 डिब्बे शामिल होंगे।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से आरक्षण, समय-सारिणी और अन्य जानकारी के लिए भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट अथवा रेलवे पूछताछ सेवाओं का उपयोग करने की अपील की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
