जिलाधिकारी डॉ. आनंद के. ने दिए निर्देश
बबलेश्वर तालुक के विभिन्न कार्यालयों का किया निरीक्षण
योजनाओं और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा
विजयपुर. जिलाधिकारी डॉ. आनंद के. ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि विभिन्न प्रमाणपत्रों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ निर्धारित समय सीमा के भीतर आम नागरिकों तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसेवा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बबलेश्वर तालुक के ममदापुर नाडकचेरी स्थित अटल जनस्नेही केंद्र का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने विभिन्न प्रमाणपत्रों के वितरण तथा पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी सेवाएं ससमय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा उपस्थित नागरिकों की शिकायतें भी सुनीं।
हरित अभियान में लगाया पौधा
इससे पूर्व जिलाधिकारी ने गांव में वन विभाग की ओर से आयोजित हरितीकरण एवं पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने पौधा रोपकर उसे जल अर्पित किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसके बाद उन्होंने ममदापुर के बड़े तालाब का दौरा कर तालाब भराव योजना की प्रगति की जानकारी ली और लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ इस संबंध में चर्चा की।
मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा
बाद में बबलेश्वर कस्बे के सरकारी आईटीआई महाविद्यालय में आयोजित मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण-2026 के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बूथ स्तरीय अधिकारियों एवं ग्राम प्रशासनिक अधिकारियों को मतदाता सूची के व्यापक पुनरीक्षण कार्य के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव दिए।
कार्यक्रम में राजस्व विभाग, वन विभाग के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

