पार्टी की मांग पर भडक़ा दोस्त, पत्थर से वार कर उतारा मौत के घाट
क्षणिक गुस्से ने ली जान, आरोपी गिरफ्तार
मोहर्रम की खुशियों के बीच गांव में पसरा मातम
बेलगावी. जिले में बेटा होने की खुशी में पार्टी मांगने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद एक युवक की हत्या पर खत्म हुआ। बैलहोंगल तालुक के वण्णूर गांव में दोस्त ने ही अपने साथी के सिर पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान हनमंतप्पा यमनप्पा इटगी के तौर पर की गई है। वहीं, हत्या के आरोप में विश्वनाथ पूजेरी को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच नेसरगी पुलिस थाना कर रहा है।
शराब के दौरान हुई कहासुनी
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन दोनों मित्र गांव के चबूतरे पर बैठकर शराब पी रहे थे। बातचीत के दौरान हनमंतप्पा ने हाल ही में विश्वनाथ के घर बेटे के जन्म की खुशी में पार्टी देने की मांग की। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते उग्र विवाद में बदल गई।
आंख पर हाथ लगने से भडक़ा आरोपी
विवाद के दौरान हनमंतप्पा का हाथ कथित रूप से विश्वनाथ की आंख पर लग गया। इससे गुस्साए विश्वनाथ ने पास में पड़ा पत्थर उठाकर हनमंतप्पा के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से हनमंतप्पा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन नेसरगी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। मोहर्रम के उत्सव के बीच हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे वण्णूर गांव में शोक का माहौल है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
