एम.बी. पाटील ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
रेल संपर्क मजबूत करने और स्टेशन पर दूसरा प्रवेश-निकास द्वार विकसित करने का भी किया आग्रह
विजयपुर. कर्नाटक के आधारभूत संरचना विकास एवं विजयपुर जिला प्रभारी मंत्री एम.बी. पाटील ने विजयपुर में रेलवे कोच डिपो स्थापित करने तथा रेलवे स्टेशन पर एक अतिरिक्त प्रवेश-निकास द्वार विकसित करने की मांग उठाई है। उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजने के साथ ही रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना से भी चर्चा की है।
रेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर
एम.बी. पाटील ने कहा कि पहले रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित गुड्स शेड को अलीयाबाद स्थानांतरित किया जा चुका है, जिससे अब कोच डिपो की स्थापना के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि यहां कोच डिपो बनने से विजयपुर एक महत्वपूर्ण रेल रखरखाव केंद्र के रूप में विकसित होगा और उत्तर कर्नाटक के रेल नेटवर्क को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि विजयपुर ऐतिहासिक एवं प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां वर्षभर लाखों पर्यटक आते हैं। सप्ताहांत, त्योहारों और अवकाश के दौरान रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर एक और आगमन-प्रस्थान द्वार विकसित किया जाना आवश्यक है।
पाटील ने बताया कि हाल ही में रेलवे विभाग के एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इन मांगों पर रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना से चर्चा की थी, जिनसे सकारात्मक आश्वासन मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि मांगें पूरी होने पर जल्द शुरू होने वाली बेंगलूरु-विजयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन और रखरखाव में भी सुविधा होगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

