सामान्य बारिश में ही बेलगावी की सडक़ें बनीं बदहालसामान्य बारिश में ही बेलगावी की सडक़ें बनीं बदहाल

गड्ढों से परेशान वाहन चालक

शहर के प्रमुख मार्गों पर सफर मुश्किल

पेयजल पाइपलाइन कार्य के बाद सडक़ें नहीं भरने से बढ़ा हादसों का खतरा

बेलगावी. कुंदानगरी बेलगावी में पिछले दो दिनों से हो रही सामान्य बारिश ने शहर की जर्जर सडक़ों की पोल खोल दी है। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों ने सडक़ मरम्मत में नगर निगम की लापरवाही पर नाराजगी जताई है।

हर वर्ष मानसून के दौरान सडक़ें क्षतिग्रस्त होना आम बात है, लेकिन इस बार हल्की बारिश में ही कई प्रमुख मार्ग बदहाल हो गए हैं। सदाशिव नगर, कनकदास सर्किल, खड़े बाजार, गणेशपुर रोड, रामदेव गली और गणपत गली समेत कई इलाकों की सडक़ें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं।

बाजार क्षेत्र में बढ़ी मुश्किलें

बेलगावी के प्रमुख बाजारों में शहर के अलावा आसपास के जिलों, महाराष्ट्र और गोवा से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। दिनभर भीड़भाड़ रहने वाले इन बाजारों में किसान सडक़ किनारे सब्जियां बेचते हैं और फुटपाथ विक्रेता खिलौने, फल, दूध तथा अन्य सामान बेचते हैं। ऐसे में खराब सडक़ों के कारण आम लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

खुदाई के बाद सडक़ें नहीं भरी गईं

शहर में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए कर्नाटक अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एंड फाइनेंस कॉरपोरेशन (केयूआईडीएफसी) ने कई स्थानों पर सडक़ें खोदी थीं। हालांकि, कार्य पूरा होने के बाद भी अधिकांश जगहों पर सडक़ें समतल नहीं की गईं। खुदाई वाले हिस्से अब गहरे गड्ढों में बदल गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय निवासी वीरेंद्र गोबरी ने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले ही क्षतिग्रस्त सडक़ों की मरम्मत हो जानी चाहिए थी, लेकिन लापरवाही के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

सडक़ों के विकास की योजना तैयार

महानगर निगम आयुक्त एम. कार्तिक ने कहा कि क्षतिग्रस्त सडक़ों के विकास की योजना तैयार की गई है। साथ ही, पेयजल पाइपलाइन कार्य के लिए खोदी गई सडक़ों को तत्काल भरकर यातायात योग्य बनाने के निर्देश संबंधित एजेंसियों को दिए जाएंगे।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

 

 

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *