चार ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द, दो एक्सप्रेस सेवाएं विलंब से चलेंगी
हुब्बल्ली. लोंडा रेलवे स्टेशन के यार्ड में इंजीनियरिंग कार्य के चलते दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) ने कई ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया है। इसके तहत चार ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है, जबकि दो ट्रेनों का संचालन निर्धारित समय से विलंब से होगा।
चार ट्रेनें रहेंगी आंशिक रूप से रद्द
दपरे के अनुसार, 24 से 27 जुलाई 2026 तक चलने वाली गाड़ी संख्या 56931 मिरज-लोंडा डेली पैसेंजर बेलगावी और लोंडा के बीच रद्द रहेगी तथा बेलगावी में ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी।
इसी प्रकार 25 से 28 जुलाई 2026 तक गाड़ी संख्या 56932 लोंडा-मिरज डेली पैसेंजर लोंडा के बजाय बेलगावी से अपने निर्धारित समय पर रवाना होगी।
इसके अलावा 25 से 27 जुलाई 2026 तक गाड़ी संख्या 17333 मिरज-कैसल रॉक डेली एक्सप्रेस बेलगावी और कैसल रॉक के बीच रद्द रहेगी तथा बेलगावी में ही यात्रा समाप्त करेगी। वहीं गाड़ी संख्या 17334 कैसल रॉक-मिरज डेली एक्सप्रेस भी इसी अवधि में कैसल रॉक के बजाय बेलगावी से अपने निर्धारित समय पर संचालित होगी।
इन ट्रेनों का परिचालन रहेगा विलंबित
दपरे ने बताया कि 22 जुलाई 2026 को गाड़ी संख्या 16554 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-एसएमवीटी बेंगलूरु द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस मार्ग में लगभग 40 मिनट विलंब से चलेगी।
वहीं 26 और 27 जुलाई 2026 को गाड़ी संख्या 20653 केएसआर बेंगलूरु-बेलगावी डेली एक्सप्रेस क्रमश: 30 मिनट और 60 मिनट की देरी से संचालित होगी।
दपरे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेकर ही स्टेशन पहुंचने की अपील की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

