व्यापारिक विवाद में हुई थी रिचर्ड मस्कारेनस की हत्या; वारदात के 48 घंटे के भीतर पुलिस की बड़ी सफलता
कुंदापुर (उडुपी)। कुंदापुर के चर्च रोड पर बीच सडक़ हुई सनसनीखेज गोलीबारी में रिचर्ड मस्कारेनस की हत्या के मुख्य आरोपी डेरिक क्रास्ता को उडुपी पुलिस ने शनिवार को भटकल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की तलाश के लिए गठित तीन विशेष जांच दलों ने संयुक्त अभियान चलाकर उसे भटकल तालुक के बेलके गांव के हेरबुडिके क्षेत्र से दबोचा।
उडुपी के पुलिस अधीक्षक डॉ. हरिराम शंकर ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर हत्या के पीछे के कारणों की गहन जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक रिचर्ड मस्कारेनस (45) और आरोपी डेरिक क्रास्ता (54) के बीच वित्तीय एवं अन्य कारोबारी लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात डेरिक ने रिचर्ड को फोन कर विवादित मुद्दे पर बहस की और उसे अकेले कुंदापुर आने की चुनौती दी। तडक़े करीब 3.15 बजे चर्च रोड पर दोनों आमने-सामने हुए। जैसे ही रिचर्ड कार से बाहर निकले, डेरिक ने अपने साथ लाए हथियार से उनके कमर के नीचे गोली मार दी। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण रिचर्ड की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी कार से फरार हो गया था, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

