फेसबुक विज्ञापन से टेलीग्राम ग्रुप में जुड़ीं; अधिक मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने कई किश्तों में रकम ऐंठी
मेंगलूरु। अधिक लाभ का प्रलोभन देकर ऑनलाइन निवेश के नाम पर 61 वर्षीय महिला से 16.20 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर मेंगलूरु के साइबर अपराध (सीइएन) थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अप्रेल में महिला फेसबुक देख रही थीं, तभी उन्हें निवेश से जुड़ा एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद वे एक टेलीग्राम समूह से जुड़ गईं। वहां एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को निवेश सलाहकार बताते हुए अधिक राशि निवेश करने पर भारी मुनाफे का भरोसा दिलाया।
ठग के झांसे में आकर महिला ने 18 अप्रेल को पहली बार 20,372 रुपए स्थानांतरित किए। इसके बाद 12 जून और 22 जून को तीन-तीन लाख रुपए, 24 जून को चार लाख रुपए तथा 30 जून को छह लाख रुपए अलग-अलग बैंक खातों में भेज दिए। इस प्रकार उन्होंने कुल 16,20,372 रुपए निवेश के नाम पर ट्रांसफर कर दिए।
राशि जमा कराने के बाद न तो निवेश की रकम वापस मिली और न ही किसी प्रकार का लाभांश दिया गया। ठगी का एहसास होने पर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की जांच शुरू कर दी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

